केरल में देर से पर दुरुस्त आए कारे बादरा, झमाझम बरसे
केरल में झमाझम बारिश के साथ ही मॉनसून ने दस्तक दे दी है। दक्षिण पश्चिम भारत में मॉनसून के दस्तक के साथ ही इस बात की संभावना है कि दूसरे इलाकों में मॉनसून समय पर दस्तक दे देगा।
हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने पिछले दिनों मॉनसून के झटका देने के संकेत दिए थे। मौसम विभाग ने आशंका जताई थी इस बार भी देश के कुछ हिस्सों में मॉनसून कमजोर होने के साथ-साथ, सूखे के आसार हैं।
हालांकि केरल में बारिश के मिजाज को देखकर ऐसे पूर्वानुमान पर सवाल उठता दिख रहा है। केरल में जिस तरह की बारिश हुई उसके बाद मौसम विभाग ने बताया कि हालात बदले दिख रहे हैं। अरब सागर उठने वाली मौसमी हवाएं मॉनसून के पक्ष में दिख रही हैं।
मॉनसून में मजबूती के मिले संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक केरल में हो रही बारिश से तय है कि अगले 48 घंटे में दक्षिण पश्चिम में मॉनसून पहुंच जाएगा। पिछले कई घंटे से तिरूवनंतपुरम और कौल्लम में लगातार बारिश हो रही है। जिसके आगे भी जारी रहने की संभावना है।
केरल के साथ-साथ कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी बीती रात जमकर बारिश हुई है। मौसम के बदले मिजाज के बाद कोच्चि में तटीय पुलिस सतर्क हो गई है और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
जून से सितंबर की बीच का मॉनसून भारत के लिए बेहद अहम रहता है। एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए मॉनसून जीवनरेखा की तरह है। हालांकि पिछले दिनों मौसम विभाग ने इस बार 4 फीसदी कम बारिश की आशंका जताई थी। ऐसे में देखना होगा कि केरल में मॉनसून का जो असर अभी दिख रहा है वो आगे कैसा रहेगा?