तत्काल प्रीमियम कोटे की घटी मांग,नए फार्मूले की तैयारी में रेलवे
ट्रेनों में कंफर्म टिकटों की डिमांड में इजाफा तो हुआ है,लेकिन प्रीमियम ट्रेनों और तत्काल प्रीमियम कोटे का फॉर्मूला कमाई के लिहाज से रेलवे के लिए मददगार साबित नहीं हो रहा है।
प्रीमियम ट्रेनों में घटती बुकिंग के कारण तत्काल प्रीमियम टिकटों की मांग गिरी है। पिछले 6 महीनों में 30 फीसद से ज्यादा गिरावट देखी गयी है। बिजनेस चैनल सीएनबीसी आवाज के अनुसार प्रीमियम ट्रेनों को सुविधा ट्रेन में बदलने के बाद अब रेल मंत्रालय सभी मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में तत्काल प्रीमियम कोटे को भी सुविधा तत्काल कोटे में बदलने जा रहा है।
नए फॉर्मूले के हिसाब से हर ट्रेन में मौजूदा तत्काल प्रीमियम सीटों को 20 फीसदी के आधार पर 5 हिस्सों में बांटा जाएगा। एक हिस्सा पूरा होने पर ही टिकट के दाम बढ़ेंगे।
यात्रियों को तत्काल प्रीमियम की बदले में ज्यादा किराया नहीं देना पड़ेगा।
यात्रियों को महंगा पड़ रहा था टिकट
दरअसल रेलवे ने पिछले साल अक्टूबर में तत्काल बुकिंग में 50 फीसदी कोटा डायनमिक प्राइसिंग के आधार पर बेचने का फैसला लिया था।
लेकिन ये नई व्यवस्था रेल यात्रियों को ज्यादा नहीं पसंद आयी। क्योंकि प्रीमियम तत्काल कोटा में 10 फीसदी टिकट बिकने के बाद दाम 20 फीसदी तक बढ़ जाते हैं।
ऐसे में प्रीमियम तत्काल कोटा में कंफर्म टिकट तो मिल जाएगी लेकिन जेब भी ज्यादा ढीली करनी पढ़ेगी। यही वजह है कि मंत्रालय ने इस स्कीम को बदलने की पूरी तैयारी कर ली है।