{"_id":"47e073d8-783e-11e2-8deb-d4ae52bc57c2","slug":"rahul-sunbs-leaders-demanding-he-be-named-as-pm-candidate","type":"story","status":"publish","title_hn":"पीएम बनाने की मांग पर राहुल गांधी को आया गुस्सा","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पीएम बनाने की मांग पर राहुल गांधी को आया गुस्सा
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Sat, 16 Feb 2013 09:23 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को शनिवार को जमकर झिड़की लगाई। बहुगुणा ने राहुल को अगले लोकसभा चुनाव के लिए जल्द से जल्द प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की बात कही थी। मगर राहुल को खुश करने की यह कोशिश बहुगुणा को महंगी पड़ गई।
विज्ञापन
राहुल ने बहुगुणा से दो टूक कहा कि वह अपने काम पर फोकस करें और उन्हें भी अपना काम करने दें। इतना ही नहीं राहुल ने बहुगुणा को यह भी साफ कहा कि शायद आपको याद नहीं है कि हमारे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हैं। वह बेहतर काम कर रहे हैं। राहुल इतना नाराज हो गए कि उन्होंने मुख्यमंत्री को यहां तक कह दिया कि वह प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने जैसी बात दुबारा नहीं सुनना चाहते।
विज्ञापन
कांग्रेस संगठन को अगले लोकसभा चुनाव के लिहाज से कसने के लिए प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दलों की शनिवार को लगातार दूसरे दिन हुई बैठक में राहुल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को यह खरी-खरी सुनाई।
विज्ञापन
इस बैठक में बहुगुणा ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष पद संभालने के बाद राहुल ने जिस तरह संगठन की कमान संभाल ली है। उसके बाद अब अगले चुनाव के लिहाज से बेहतर होगा कि पार्टी की ओर से राहुल को जल्द प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए।
बहुगुणा का इतना कहना भर था कि नंबर बढ़ाने की इस सियासत को भांपते हुए राहुल उनकी इस बात से नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि यहां समस्या प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर नहीं है। यह बैठक संगठन को मजबूत करने के लिए बुलाई है। राहुल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें उपाध्यक्ष संगठन को मजबूत करने के लिए बनाया है। इसलिए उन्हें अपना काम करने दें।
बैठक में शामिल सूत्रों के अनुसार जब बहुगुणा की बोलने की बारी आई तो उन्होंने उत्तराखंड में प्रदेश संगठन की समस्याओं पर बोलने के बजाय कहा, यहां मौजूद कई बड़े नेताओं ने यह बात नहीं कही। इसलिए मुझे यह बात कहनी पड़ी है कि राहुल को जल्द प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना पार्टी और देश दोनों के लिए बेहतर होगा।
इस पर वहां मौजूद सभी प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं ने मेज थपथपाना शुरू कर दिया। मगर राहुल की नाराजगी देखकर तो सबने चुप्पी साध ली। बहुगुणा के लिए राहुल की यह फटकार इसलिए भी मायने रखती है कि अभी पिछले लोकसभा उपचुनाव में वह अपने बेटे तक को जिता नहीं पाए। बहुगुणा को अपना काम करने की नसीहत देकर राहुल ने हाईकमान की उत्तराखंड पर बारीक निगाह रखने का पुख्ता संदेश भी दे दिया।