मोदी जी, महिलाओं के पास शक्ति बहुत है, सम्मान दीजिए: राहुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़हलगंज की चुनावी सभा में यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विकास के प्रति अपना नजरिया साझा करते हुए भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कहा कि जब तक कुटीर उद्योगों को बढ़ावा नहीं मिलेगा, न तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और न ही विकास की रफ्तार तेज होगी।
गुजरात के विकास मॉडल को चंद उद्योगपतियों के फायदे वाला बताकर राहुल ने मोदी को न सिर्फ घेरने की कोशिश बल्कि उनकी नीयत पर भी सवाल उठाए। गुजरात के चर्चित फोन टैपिंग मामले का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं के पास शक्ति बहुत हैं उन्हें सम्मान दीजिए।
चिलचिलाती धूप में करीब एक घंटे की देरी से बड़हलगंज पहुंचे राहुल ने 45 मिनट के भाषण में ज्यादातर मोदी को ही निशाने पर रखा।
'महिलाओं की शक्ति को पहचाना हमने'
उन्होंने कहा कि हमने महिलाओं की शक्ति को पहचाना है। उन्हें समूह के जरिये बैंक से जोड़कर कुटीर उद्योग के प्रति बढ़ावा दिया है। चुनाव में भी 33 फीसदी हिस्सेदारी देना चाहते हैं। पुलिस भर्ती में 25 फीसदी आरक्षण देने की हम सोचते हैं। महिलाओं की मांग पर साल में नौ की जगह सब्सिडी वाले 12 सिलेंडर दिये। एक होर्डिंग की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी जी, महिलाओं के प्रति अपना नजरिया बदलिए।
राहुल ने कहा कि हम जनता को चौकीदार बनाना चाहते हैं। जबकि एक वो हैं जो खुद चौकीदार बनना चाहते हैं। उनका गुजरात मॉडल यही है कि उद्योगपति अडानी को एक रुपये प्रति वर्ग मीटर जमीन मुहैया कराई। भइया, एक रुपये में एक टॉफी मिलती है, यानी एक वर्ग मीटर जमीन की कीमत एक टॉफी। उसी जमीन को अडानी ने 800 रुपये प्रति वर्ग मीटर के रेट पर बेचा।
उन्होंने कहा कि हम उद्योग लगाने के लिए जमीन देना चाहते हैं ताकि नौजवानों को रोजगार मिले। यह फर्क है हमारी और उनकी सोच में। राहुल ने यूपी में जाति और धर्म की राजनीति करके जनता को लड़ाने का आरोप लगाते हुए भाजपा के साथ ही सपा को भी निशाने पर लिया। कहा, यही कारण है कि यूपी में 25 सालों से विकास ठप है।