'जनता के फंड को बीच में ही खा जाती है पटनायक सरकार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर जमकर हमला बोलते हुए बीजू जनता दल (बीजेडी) सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्रीय फंड का दुरुपयोग करती है और उसकी खनन माफिया के साथ भी सांठगांठ है।
पटनायक ने पिछले साल 26 दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस को ‘भ्रष्ट’ और भाजपा को ‘सांप्रदायिक’ बताया था। इसी पर जवाबी हमला करते हुए राहुल ने कहा कि राज्य में हुए कई सारे घोटालों के पीछे बीजेडी ही जिम्मेदार है।
ओडिशा अमीर लेकिन राज्य गरीब
कटक जिले के सालीपुर शहर में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘जन कल्याण के लिए ओडिशा को जो फंड दिया जाता है, वह जरूरतमंदों तक पहुंचता ही नहीं है।
अधिकतर पैसे को बीच में खा लिया जाता है। राज्य में लौह अयस्क और मैंगनीज की जमकर लूट हो रही है। इस लूट का फायदा कुछ लोग उठा रहे हैं जबकि बाकी परेशानियां झेल रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि ओडिशा अमीर है लेकिन यहां के लोग गरीब हैं। केंद्र से लगातार उपेक्षा के राज्य सरकार के आरोप पर राहुल ने दावा किया, ‘किसी भी पिछली सरकार ने ओडिशा को उतना फंड मुहैया नहीं कराया, जितना यूपीए सरकार ने कराया है।
5000 करोड़ रुपये का फंड पास होना बाकी है
विकास के लिए पटनायक सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करते हुए राहुल ने कहा, ‘कोयले, लौह अयस्क, मैंगनीज और विभिन्न खनिजों से कमाया गया आपका धन दूसरों की जेब में जा रहा है जबकि राज्य सरकार स्कूल और अस्पताल चलाने में नाकाम है।
ओडिशा में करीब 3,500 किसानों ने खुदकुशी की है और 10 लाख से ज्यादा नौजवानों को रोजगार नहीं मिल सका है।’
गरीबों का पैसा खा जाती है सरकार
राज्य सरकार पर कल्याणकारी योजनाएं लागू करने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा, ‘मिड डे मील योजना में धनराशि केंद्र द्वारा आवंटित की जाती है और पैसा दूसरों के पेट में चला जाता है।
इस सरकार ने तो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को दिया जाने वाला चावल भी कहीं और भेज दिया। भ्रष्टाचार और पैसे के गलत इस्तेमाल के कारण लोगों तक लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।’ राहुल ने नियमगिरी खनन विवाद को लेकर भी बीजेडी सरकार पर हमला बोला।