राहुल का हमला, बोले सिर्फ नरेंद्र मोदी के आए हैं अच्छे दिन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में किसानों के मुद्दे उठाने के लिए पैदल मार्च किया है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तंज करते हुए कहा, "अच्छे दिन कहां गए, नरेंद्र मोदी जी कभी लंदन जाते हैं, मलेशिया जाते हैं, सिंगापुर जाते हैं, उनके अच्छे दिन आ गए लेकिन यहां अच्छे दिन नहीं आए।
"उन्होंने कहा, "हमारे लिए हिंदुस्तान में तभी अच्छे दिन आएंगे जब किसान के लिए, मजदूर के लिए, दलित के लिए, आदिवासी के लिए अच्छे दिन आएंगे।" राहुल गांधी ने कहा कि अपनी सरकार के दौरान हम किसानों के लिए हर साल एमएसपी बढ़ाते थे। उन्होंने किसानों के 70 हजार करोड़ रुपए कर्ज माफ करने के मनमोहन सरकार के फैसले का भी जिक्र किया।
राहुल ने कहा, "किसान हमारे पास आए और कहा कि जब अमीर आदमी बैंक जाता है तो लाल कालीन बिछ जाती है लेकिन जब किसान-मज़दूर जाता है तो उसे बाहर निकाल दिया जाता है।
किसानों की इस पीड़ा को जानकर हमने 70 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया।" राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसान परेशान हैं। उनका गन्ना नहीं उठाया जा रहा है।
'अखिलेश जी आपके पास डेढ़ साल का वक्त है'
राहुल ने कहा, "मैं अखिलेश यादव जी से कहना चाहता हूं कि आपने यूपी को बदलने का वादा किया था, अभी आपके पास डेढ़ साल का वक्त है, आप यूपी को बदलिए, किसानों को उनके गन्नों का पैसा दीजिए। बंद चीनी मिलों को खुलवाएं।"
उन्होंने कहा, "हमने मजदूरों को दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार का प्रोग्राम मनरेगा दिया। हर परिवार को सौ दिन का निश्चित रोजगार दिया।
जो सपना भी नहीं देख सकता था उसके घर में मोटरसाइकिल आ गई। उसके बच्चों की शादी हो गई।" राहुल ने कहा, "हम सूटबूट का हिंदुस्तान नहीं चाहते हैं, हम किसानों का, गरीबों का, मजदूरों का हिंदुस्तान चाहते हैं। हम किसानों के साथ थे और रहेंगे।"