संसद में दिखेगा राहुल का 'नया रूप', ये है पूरा प्लान
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अब संसद के बजट सत्र में बचे दिनों में और आक्रामक हो सकते हैं। पंजाब के मोगा कांड को लेकर भी राहुल मोदी सरकार और पंजाब की अकाली दल सरकार को लेकर आड़े हाथ ले सकते हैं।
कांग्रेस भी पंजाब सरकार को घेरने के लिए संसद के दोनों सदनों में पूरी ताकत झोंक देगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष रीयल एस्टेट विधेयक को लेकर मोदी सरकार पर वार कर सकते हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल अगले हफ्ते संसद को ज्यादा वक्त देंगे। रीयल एस्टेट विधेयक को लेकर राहुल शनिवार को बिल्डरों से फ्लैट लेने वाले ग्राहकों से मिले थे। मुलाकात के बाद राहुल ने मोदी सरकार पर अमीरों और बिल्डरों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था।
पहले भी मुखर हुए थे राहुल
वहीं कांग्रेस मुख्यालय में चर्चा है कि पार्टी उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी की रणनीति के मुताबिक खुद को आगे बढ़ा रहे हैं। राहुल कई बार आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के लोगों की नब्ज पकड़ने को लेकर उनकी तारीफ कर चुके हैं।
विपक्ष में आने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अब इसी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। दो महीने सार्वजनिक जीवन से दूर रहने के बाद राहुल किसान रैली में भूमि अधिग्रहण विधेयक को लेकर मोदी सरकार को घेर चुके हैं।
उसके बाद बेमौसम बारिश में नुकसान की वजह से आत्महत्या कर रहे किसानों को लेकर वह संसद में यह मामला उठा चुके हैं। राहुल नेट न्यूट्रैलिटी के मुद्दे पर भी सरकार को घेर चुके हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के विदर्भ में पदयात्रा कर आत्महत्या कर रहे किसानों के परिवारों से भी मुलाकात की।