फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   rahul gandhi made vice president of congress.

कांग्रेस में राहुल गांधी का कद बढ़ा, उपाध्यक्ष बने

Sun, 20 Jan 2013 01:00 AM IST
जयपुर/संजय मिश्र
जयपुर/संजय मिश्र Updated Sun, 20 Jan 2013 01:00 AM IST
विज्ञापन
rahul gandhi made vice president of congress.

राहुल गांधी की कांग्रेस में नंबर दो पर औपचारिक ताजपोशी कर दी गई है। शनिवार को जयपुर चिंतन शिविर में राहुल को पार्टी उपाध्यक्ष बनाने का ऐलान हुआ। इसके साथ ही कांग्रेस ने 2014 में उनकी प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी से भी पर्दा लगभग हटा दिया है।

विज्ञापन


42 वर्षीय राहुल पहले भी भले ही कांग्रेस में नंबर दो माने जाते रहे हों, लेकिन उन्हें उपाध्यक्ष बनाने से पार्टी में उनका कद और बढ़ेगा। इस फैसले से पार्टी में ‘जेनरेशनल चेंज’ को भी अंजाम दे दिया गया है। इसके साथ ही फिर चर्चा तेज हो गई है कि अगले लोकसभा चुनाव में मुकाबला नरेंद्र मोदी और राहुल के बीच ही होगा।
विज्ञापन


चिंतन शिविर में हुए मंथन के बाद जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम के बाहर जश्न में सराबोर कांग्रेसियों की भारी आतिशबाजी के बीच राहुल को कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाने का ऐलान हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन


कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल को नंबर दो बनाने पर लगी मुहर के बाद पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने इसकी घोषणा की। लंबे अर्से से बड़ी भूमिका लेने से हिचक रहे राहुल ने शनिवार को आखिरकार इस पर अपनी हामी भर दी। राहुल पहले ही 2014 के चुनाव प्रबंधन समिति की कमान थाम चुके हैं।

देर शाम कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू होते ही रक्षामंत्री और दस जनपथ के सबसे भरोसेमंद नेता एके एंटनी ने खड़े होकर राहुल को उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का कार्यसमिति ने तालियां बजाते हुए एक सुर में समर्थन किया। राहुल ने उपाध्यक्ष पद को स्वीकार करने की हामी भर दी।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस पर अपनी मंजूरी देकर राहुल को पार्टी में नंबर दो बनाते हुए कांग्रेस में नई पीढ़ी के नेतृत्व का रास्ता साफ कर दिया। जनार्दन द्विवेदी ने इस फैसले को देश और पार्टी के युवा वर्ग की आकांक्षाओं के अनुरूप करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने सबसे युवा और सर्वस्वीकार्य नेता के नेतृत्व में भविष्य की चुनौतियों का सामना करना तय किया है।

इससे पहले दिन में चिंतन बैठक के अंदर और बाहर तमाम पार्टी दिग्गजों ने राहुल को बड़ी जिम्मेदारी देने की जबरदस्त मांग उठाई। इनमें दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, मिलिंद देवड़ा, मनीष तिवारी, प्रदीप जैन से लेकर कई चेहरे शामिल थे।

जब दोपहर में तय हो गया कि राहुल को नंबर दो बनाया जाएगा। तब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की युवा कांग्रेस इकाई को जश्न की तैयारियों का संदेशा भेज दिया। इधर बाहर जश्न मनाया जा रहा था और उधर बिड़ला ऑडिटोरियम में कार्यसमिति राहुल को कांग्रेस में सोनिया गांधी के बाद नंबर दो की कुर्सी सौंप रही थी।

इसके साथ ही अगले लोकसभा चुनाव की पूरी तस्वीर अब राहुल के इर्दगिर्द बुनने की तैयारी भी शुरू हो गई है। चिंतन बैठक के बाद रविवार को एआईसीसी की हो रही बैठक में राहुल के सियासी करिश्मे के सहारे कांग्रेस की 2014 की सत्ता सियासत का रोडमैप तय होगा।

हालांकि जब जनार्दन द्विवेदी से पूछा गया कि लोकसभा चुनाव में क्या राहुल ही प्रधानमंत्री पद के दावेदार होंगे? इस पर उन्होंने कहा कि अगले चुनाव को लेकर बात बाद में होगी।

राहुल बनाएंगे राह
कांग्रेस की राहुल गांधी को बड़ी भूमिका देकर देश के विशाल युवा वोट बैंक को लुभाना चाह रही है। पार्टी नेता मान रहे हैं कि आज देश में 65 फीसदी आबादी 35 साल से कम उम्र के युवाओं की है, जबकि मनमोहन सिंह बुजुर्ग हो रहे हैं। ऐसे में 2014 में सत्ता तक पहुंचने के लिए युवा राहुल की सख्त जरूरत है।

उपाध्यक्ष पद क्यों?
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राहुल को कार्यकारी अध्यक्ष इसलिए नहीं बनाया गया क्योंकि इससे संदेश जाता कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी अब निष्क्रिय हो गई हैं, जबकि ऐसा नहीं है। ऐसे में पार्टी में पहले ही नंबर 2 माने जाने वाले राहुल को उपाध्यक्ष बनाने का फैसला किया गया, अब सभी पार्टी महासचिव उन्हें ही रिपोर्ट करेंगे।

2014
राहुल बनाम मोदी! राहुल को उपाध्यक्ष बनाए जाने के फैसले के बाद 2014 का आम चुनाव राहुल बनाम होने की अटकलें फिर तेज हो गई हैं। हालांकि भाजपा ने अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उसके चुनाव संचालन समिति की कमान मोदी को सौंपने की चर्चाएं तेज हैं।

बड़ा सवाल
सवाल उठ रहा है कि राहुल युवाओं को कितना आकर्षित कर पाएंगे। यह जाहिर है कि यूपी, बिहार से लेकर पंजाब और गुजरात के विधानसभा चुनावों में राहुल का फॉर्मूला नाकाम हो चुका है। राहुल के नाम पर भीड़ तो जुटी पर कांग्रेस के खाते में वोट नहीं आ सके। अगले आम चुनाव इस बात का इम्तिहान होंगे राहुल युवाओं को कितना लुभा पाते हैं।

कैसे हुआ निर्णय
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने राहुल को उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर एकमत से मुहर लगा दी। इससे पहले शनिवार सुबह से राहुल को कार्यकारी अध्यक्ष या उपाध्यक्ष या फिर सेक्रेटरी जनरल बनाए जाने की अटकलें तेज थीं। कांग्रेस नेता राहुल का गुणगान करने में लगे हुए थे। राहुल के औपचारिक तौर पर कांग्रेस में नंबर 2 होने के ऐलान के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता जश्न मनाने में जुट गए और जमकर आतिशबाजी की गई।

इतिहास में तीसरे उपाध्यक्ष
कांग्रेस के हाल के इतिहास में उपाध्यक्ष बनने वाले राहुल गांधी तीसरे शख्स हैं। उनसे पहले अर्जुन सिंह और जितेंद्र प्रसाद पार्टी उपाध्यक्ष रह चुके हैं। अर्जुन सिंह जब उपाध्यक्ष रहे तब राजीव गांधी अध्यक्ष थे, जबकि जितेंद्र प्रसाद जब उपाध्यक्ष रहे तब सीताराम केसरी पार्टी अध्यक्ष थे।

पूरे देश में घूमने के बाद मेरा अनुभव है कि एक राजनीतिक दल के रूप में हम देश को बदल सकते हैं। पार्टी में व्यापक बदलाव होगा और मुझे विश्वास है कि हम नई पीढ़ी की चुनौतियों पर खरे उतरेंगे।--राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष

राहुल गांधी को नंबर बनाए जाने की घोषणा में कोई भी हैरानी वाली बात नहीं है। कांग्रेस में सोनिया गांधी के बाद वह पहले भी नंबर 2 ही थे। कांग्रेस में नेहरू-गांधी परिवार का शख्स ही नंबर दो पर हो सकता है।--शाहनवाज हुसैन, भाजपा प्रवक्ता

- राहुल गांधी को उपाध्यक्ष बनाना ऐतिहासिक फैसला है। वे प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से सक्षम हैं, लेकिन इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। --- सचिन पायलट

- राहुल गांधी ने देश के हर हिस्से का दौरा किया है और वे देश की समस्या को भलीभांति जानते हैं। उनके नेतृत्व में देश विकास की राह पर अग्रसर होगा। --- सीपी जोशी


- पार्टी नेता और कार्यकर्ता लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। इस फैसले से पार्टी मजबूत होगी। पार्टी ने हमेशा युवा नेतृत्व को बढ़ावा दिया है। राहुल को उपाध्यक्ष बनाना 2014 के आम चुनाव की तैयारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। -- आनंद शर्मा

- राहुल गांधी को पार्टी में नंबर दो की जगह दिए जाने से पार्टी में व्यापक बदलाव आएगा। - दिग्विजय सिंह

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed