मई में कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं राहुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संसद के बजट सत्र के दौरान अपने अवकाश से सुर्खियों में रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मई में पार्टी की कमान संभाल सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि राहुल जल्द ही छुट्टियां बिताकर लौटने वाले हैं।
इस बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल की ताजपोशी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। राहुल के अवकाश से लौटते ही कांग्रेस अध्यक्ष पद का मुद्दा गरमाएगा।
संभावना जताई जा रही है कि मई में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के साथ ही एआईसीसी की बैठक भी दिल्ली या पार्टी शासित हिमाचल प्रदेश अथवा उत्तराखंड में हो सकती है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल के अवकाश से लौटने का इंतजार कर रहे हैं। राहुल की अनुपस्थिति में कांग्रेस ने 26 मार्च को पार्टी संगठनात्मक चुनाव का कार्यक्रम पेश किया था, जिसके तहत पार्टी अध्यक्ष का चुनाव 30 सितंबर तक होना है।
पार्टी की कमान जल्द संभालना राहुल के लिए बेहतर
पार्टी नेता मानते हैं कि संभवत: अगले महीने अवकाश से लौटते ही पार्टी उपाध्यक्ष इस बात का फैसला करेंगे कि वह पार्टी प्रमुख का पदभार कब ग्रहण करेंगे। वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि वह जितना जल्दी कमान संभाल लें पार्टी के लिए बेहतर होगा।
राहुल अगर पार्टी प्रमुख बनने का निर्णय करते हैं तो सोनिया कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष बनी रहेंगी और वह संसदीय कार्यों को प्रमुखता देंगी। वहीं पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है कि 2013 में कांग्रेस उपाध्यक्ष बनाए गए राहुल को सोनिया जल्द ही पार्टी प्रमुख की जिम्मेदारी दे देंगी।
इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि राहुल को किसी भी समय पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है, लेकिन उनके अचानक अवकाश पर चले जाने से इस चर्चा पर विराम लग गया।
सोनिया ने बनाया रिकॉर्ड
इस बीच सोनिया गांधी ने सबसे अधिक समय तक कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाल कर रिकॉर्ड बनाया है, वह 1998 से लगातार 17 साल से कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में शनिवार को सोनिया ने कहा था कांग्रेस उपाध्यक्ष जल्द ही अवकाश से लौट रहे हैं।