सलमान के न्योते के बिना ही शादी में जाएंगे सोनिया-राहुल?
सलमान खान की छोटी बहन अर्पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम पोते आयुष शर्मा की शादी को इस साल की सबसे हाईप्रोफाइल शादियों में एक माना जा रहा है। शादी अपने खर्च के साथ-साथ मेहमानों को लेकर भी चर्चा में है।
सलमान खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शामिल होने का न्योता भेजा है, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आयुष शर्मा के परिवार ओर से शादी में बुलाया गया है।
हालांकि अब तक ये तय नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी या राहुल गांधी शादी में शामिल होंगे या नहीं? अर्पिता और आयुष की शादी आज हैदराबाद के मशहूर होटल फलकनुमा पैलेस में हो रही है।
उल्लेखनीय है कि आयुष कांग्रेस नेता अनिल शर्मा के बेटे हैं। अनिल शर्मा हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। आयुष के दादा पंडित सुखराम शर्मा केंद्र सरकार में दूरसंचार मंत्री थे।
लगभग 2000 मेहमान होंगे शामिल
अर्पिता और आयुष की शादी में राष्ट्रपति समेत राजनीति की कई हस्तियों को न्योता दिया गया है। बॉलीवुड से अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, आमिर खान, हृतिक रोशन, दीपिका पादुकोन, करीना कपूर खान, सैफ अली खान को बुलाया गया है।
शादी में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, तेलगू सुपर स्टार चिरंजीवी, उनके बेटे रामचरन तेजा और नागार्जुन के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
माना जा रहा है कि सलमान खान ने फलकनुमा पैलेसे को तकरीबन 4 करोड़ रुपए में बुक कराया है। समारोह में लगभग 2000 मेहमानों के शरीक होने की उम्मीद है।