रघुवर दास होंगे झारखंड के नए मुख्यमंत्री
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के बड़े आदिवासी नेता अर्जुन मुंडा की हार के बाद से ही रघुवर दास मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार के तौर पर उभरे थे। रघुवर दास ने जमशेदपुर (पूर्व) की सीट पर कांग्रेस के आनंद बिहारी दूबे को 70,157 वोटों से हराया है। झारखंड में बीजेपी की बड़ी जीत में इस बार गैरआदिवासी वोटों का खास प्रभाव रहा है। इन्हीं मतदाताओं के दम पर बीजेपी राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत की गैरगठबंधन की सरकार बनाने जा रही है।
प्रशासनिक और संगठन का अनुभव
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की हार ने भी सूबे का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए भाजपा आलाकमान की काफी मदद की। प्रदेश ही इसमें अगले सीएम पद के लिए भाजपा की ओर से कई नेता दौड़ में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के बीच था। पार्टी आलाकमान ने पहले से बात के संकेत दिए थे कि बहुमत आने पर वह गैर आदिवासी चेहरे को मुख्यमंत्री बना सकती है।
रघुवर दास राज्य में इससे पहले कई महत्वपू्र्ण पदों पर रह चुके हैं। उन्हें राज्य के उप मुख्यमंत्री के तौर पर प्रशासनिक अनुभव भी है। इसके अलावा वो बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं। पार्टी संगठन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।