फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   quota bill moved for consideration in rajy sabha

प्रमोशन में आरक्षण बिल: राज्यसभा में सपा का हंगामा

Thu, 13 Dec 2012 10:33 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
नई दिल्ली/ब्यूरो Updated Thu, 13 Dec 2012 10:33 PM IST
विज्ञापन
quota bill moved for consideration in rajy sabha

सरकारी नौकरियों में एससी/एसटी को प्रमोशन में आरक्षण संबंधी बिल को लेकर बृहस्पतिवार को भारी संग्राम के बाद आखिरकार राज्यसभा में बिल पर बहस शुरू हो गई। मगर इससे पहले सदन में हाई वोल्टेज ड्रामा भी हुआ। सपा के दो सांसदों को सदन से बाहर जाने का आदेश तक  दे दिया गया।

विज्ञापन


कई बार सदन का कामकाज रोकना पड़ा। तो सपा के सभी सदस्यों को सदन से बाहर भेजने के लिए मार्शल बुलाने की बात भी हुई। मगर भाजपा सहित कई दलों ने इसका विरोध किया। वहीं, सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि प्रमोशन में आरक्षण पर राज्यसभा में महाभारत दोहराया जा रहा है और यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है। सपा ने सदन से वाकआउट कर दिया। तब जाकर ही सदन में बहस शुरू हो पाई।
विज्ञापन


भोजनावकाश के बाद बैठक शुरू होने पर प्रमोशन में आरक्षण संबंधी बिल को लेकर कार्मिक राज्यमंत्री नारायण सामी ने बिल पर जैसे ही चर्चा शुरू की। सपा सदस्य वेल में आकर बिल के विरोध में नारे लगाने लगे। उप सभापति पीजे कूरियन ने सपा सदस्यों को चेताया कि वे कई दिनों से कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। अब वह कठोर कार्रवाई करने पर मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने सपा के कई सदस्यों का नाम भी पुकारा।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस बीच संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ ने भी सपा सदस्यों पर कार्रवाई की सिफारिश की। हंगामा बढ़ते देख उपसभापति ने दस मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की। सदन शुरू होने के बाद भी मामला शांत न होते देख उन्होंने नियम 255 के तहत सपा के सदस्य अरविंद कुमार सिंह का नाम लेकर उनको सदन से बाहर जाने का आदेश दिया। इसके बावजूद अरविंद सदन से बाहर नहीं गए। सदन की कार्यवाही फिर स्थगित कर दी गई।

कार्यवाही शुरू होने पर सिंह को फिर बाहर जाने का आदेश दिया गया मगर वह नहीं गए। वहीं रामगोपाल ने कूरियन से अनुरोध किया कि अगर वह सपा सदस्यों को सदन से निकालने का आदेश देना चाहते हैं तो इसके लिए सदन की राय लें। अगर पूरे सदन की भावना है कि सपा के सदस्यों को सदन से बाहर निकालना चाहिए। तो हम सब खुद ही सदन से बाहर चले जाएंगे।

मगर कूरियन ने कहा कि रामगोपाल का प्रस्ताव नियम 256 के तहत है, लेकिन यह नियम तभी लागू होगा, जब नियम 255 के तहत दिए गए आदेश का पालन हो जाए। बाद में रामगोपाल ने गुजारिश की तो अरविंद सिंह सदन से बाहर चले गए। इसके बाद भी सपा सदस्य हंगामा करते रहे।

कूरियन ने करीब तीन बजे फिर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। बैठक फिर शुरू होने पर भी हंगामा नहीं थमा तो कूरियन ने सपा के चौधरी मुनव्वर सलीम को बाहर जाने का आदेश दिया। जब सलीम ने आदेश मानने से इन्कार कर दिया तो उपसभापति ने मार्शल बुलाने की बात कही। इस पर भाजपा समेत कई दलों ने विरोध किया।

मगर कूरियन ने कहा कि वह ऐसा करने के लिए मजबूर हैं। बाद में रामगोपाल अपने दल के सदस्यों के साथ सदन से वाकआउट करने की घोषणा करते हुए बाहर चले गए। फिर सदन में विधेयक पर सामान्य ढंग से चर्चा शुरू हो गई।

दोहराया जा रहा ‘द्रोपदी का चीरहरण’
सपा नेता रामगोपाल यादव ने प्रमोशन में आरक्षण बिल को असंवैधानिक बताया। उन्होंने कहा कि सिर्फ सपा ही नहीं बल्कि सदन के 80 फीसदी सदस्य इसके विरोध में हैं। मगर पार्टी के व्हिप के चलते वह इसके खिलाफ नहीं बोल पा रहे हैं।

राज्यसभा में महाभारत का वह दृश्य दोहराया जा रहा है जब द्रोपदी का चीरहरण हो रहा था और वहां मौजूद सभी लोग चुप थे। सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा जनता के अधिकारों के इस चीरहरण को चुपचाप देख रहें और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। इस पर वेंकैया नायडू ने ऐतराज जताया।

माया का रुख बदला
मैं आपका सम्मान करती हूं। मुझे चेयर में पूरा भरोसा है। मुझे यह भी विश्वास है कि सदन को सुचारु रूप से चलाने का आप कोई रास्ता निकाल लेंगे ताकि प्रमोशन में आरक्षण संबंधी बिल पास हो सके।--मायावती, बसपा सुप्रीमो, (राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी से)

मनमोहन ने की मुलायम से बात
प्रमोशन में आरक्षण बिल को लेकर संसद में बने गतिरोध पर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सपा सुप्रीम मुलायम सिंह से बात की। इस दौरान सपा नेता रामगोपाल यादव भी मौजूद थे। हालांकि इस बिल पर सपा के रुख में किसी बदलाव के संकेत नहीं हैं।

भाजपा ने किया बिल का समर्थन
भाजपा ने प्रमोशन में आरक्षण के बिल का समर्थन किया है। हालांकि पार्टी ने सरकार से यह भी साफ कर दिया है कि इस बिल में कुछ संशोधनों की जरूरत है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने कहा कि सामाजिक न्याय के सिद्धांत के प्रति हमारी पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


लोकतंत्र का काला दिन पर सरकार को समर्थन जारी रखेंगे
यह संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में काला दिन है, लेकिन राज्यसभा में हुई घटना का यूपीए सरकार को सपा के समर्थन से कोई संबंध नहीं है। हमारी पार्टी सरकार का समर्थन जारी रखेगी।--रामगोपाल यादव, सपा नेता

--हंगामे के चलते सपा के अरविंद कुमार सिंह और मुनव्वर सलीम को सदन से बाहर निकाला गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed