अंग्रेजी की परीक्षा देने गए परीक्षार्थियों के पेपर देखते ही उड़े होश
यूपी के सहारनपुर में केंद्रीय विद्यालय सरसावा में चल रही परीक्षा में परीक्षार्थियों को गलत प्रश्न पत्र बांट दिया गया। अंग्रेजी की परीक्षा में हिंदी विषय का प्रश्न पत्र देखकर छात्र-छात्राएं आश्चर्य में पड़ गए। हालांकि स्कूल की ओर से आनन-फानन में गलती में सुधार नहीं किया गया।
बता दें कि सरसावा के एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय में अर्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। मंगलवार को कक्षा छह की अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी।
छात्र-छात्राएं सुबह परीक्षा कक्ष में परीक्षा देने पहुंचे तो उनको अंग्रेजी के स्थान पर हिंदी विषय का प्रश्न पत्र बांट दिया गया। अंग्रेजी की परीक्षा में हिंदी विषय का प्रश्न पत्र देखकर परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने जाहिर किया गुस्सा
कक्ष निरीक्षक की ओर से आनन-फानन में इसकी जानकारी स्कूल के परीक्षा विभाग को दी गई। देखते ही देखते यह खबर पूरे स्कूल में फैल गई। स्कूल की ओर से आनन-फानन में इस बड़ी लापरवाही मे सुधार किया गया।
स्कूल की इस लापरवाही की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने स्कूल की इस बड़ी चूक पर रोष जाहिर किया। इस संदर्भ में स्कूल से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका।