{"_id":"376e9e24-4947-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"protests-in-india-over-gang-rape-on-bus","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में दरिंदगी: संसद से सड़क तक खौला खून","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
दिल्ली में दरिंदगी: संसद से सड़क तक खौला खून
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Wed, 19 Dec 2012 01:33 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी दिल्ली में चलती बस में युवती से हुई दरिंदगी के खिलाफ मंगलवार को देशभर में खून खौलता दिखा। सड़कों से लेकर संसद तक दरिंदों को फांसी पर लटका दो, की मांग दिन भर गूंजती रही।
विज्ञापन
बॉलीवुड से लेकर नेताओं तक की आंखें भी युवती से हमदर्दी में भर आईं, इंटरनेट पर भी दरिंदों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली गई। पुलिस मामले में चार आरोपियों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है, अन्य दो की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
संसद में मंगलवार को लोकसभा हो या फिर राज्यसभा, महिला और पुरुष सांसदों ने एक सुर में गैंग रेप की न सिर्फ भर्त्सना की बल्कि आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। लोकसभा में सुषमा स्वराज ने दोषियों को सजा-ए-मौत की मांग की तो राज्यसभा में जया बच्चन भरे सदन में इस घटना पर फफक पड़ीं।
विज्ञापन
वहीं महिला सांसदों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। तो सरकार की तरफ से गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने संसद की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ऐलान कर दिया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी और इसकी रोजाना सुनवाई का अनुरोध भी किया जाएगा।
लोकसभा में सुषमा स्वराज और गिरिजा व्यास ने मामला उठाया। सुषमा ने दोषियों को फांसी देने की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने भी कहा कि घटना रोंगटे खड़े करने वाली और समाज के लिए शर्म से सिर झुकाने वाली है। सदन की भावना है कि सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं। कोई विलंब न हो। राज्यसभा में भी फांसी की मांग उठी।
राज्यसभा में लगभग सभी पार्टियों की महिला सांसदों ने विरोध कर प्रश्नकाल कई बार बाधित किया। जया बच्चन पहले उन्हें बोलने के लिए ज्यादा समय न देने पर उखड़ पड़ीं। इसके बाद जब उन्हें बोलने की अनुमति मिली तो वह फफक पड़ीं। बच्चन ने कहा कि कुछ समय बाद सभी इस घटना को भूल जाएंगे। लेकिन वह (पीड़िता) इसे जिंदगी भर याद रखेगी। यह जीवन भर का घाव है। सरकार इसकी भरपाई कैसे करेगी।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने मांग की कि सरकार को न सिर्फ दोषियों बल्कि उचित कार्रवाई करने में नाकाम रहे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाने चाहिए। भाजपा नेता राम जेठमलानी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से इस्तीफे की मांग कर डाली। उन्होंने कहा कि अगर वह नहीं हटते तो उन्हें पद से हटा दिया जाए।
रेणुका चौधरी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर से मिलकर ऐसी कार्ययोजना बनाने का सुझाव देना चाहिए, जिससे महिलाएं सुरक्षित हो सकें। भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने कहा कि दिल्ली में पुलिस की गश्त बढ़ानी चाहिए। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों की ज्यादा भर्ती होनी चाहिए। भाजपा के वेंकैया नायडू ने कहा कि इस समस्या का समाधान बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर नहीं बल्कि सरकार की राजनीतिक इच्छा से होगा।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों अक्षय ठाकुर और राजू की तलाश में पुलिस टीमें बिहार गई हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण, हत्या का प्रयास, कुकर्म और लूटपाट के मामले दर्ज किए हैं। आरोपियों से पुलिस ने लूटे गए मोबाइल, कीमती सामान, पीड़ितों के फटे हुए कुछ कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने कहा है कि वह बलात्कारियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए कानून में बदलाव के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखेगी। दिल्ली पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि ये सभी आरोपी बस में मौज मस्ती करने निकले थे। उन्होंने शराब पी। गैंगरेप की घटना से पहले उन्होंने एक कारपेंटर को भी बस में बिठाया और लूटपाट के बाद उसे उतार दिया।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के बाद राम सिंह ने गुनाह कबूल लिया। उसने सभी आरोपियों के नाम बताए। राम सिंह की निशानदेही पर कल्लू, विनय को दबोच लिया गया, जबकि मुकेश को राजस्थान से मंगलवार को दबोचा गया।