पीएम मोदी के 'गांव' में धरने पर बैठे ग्रामीण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए गांव जयापुर में स्थित पोस्ट ऑफिस के डाक वितरक राजू को हटाने के विरोध में सोमवार को तालाबंदी करने वाले ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह दस बजे से डाकघर के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दोपहर बाद मौके पर पहुंचीं एसडीएम ने राजू से बात कर उसकी संविदा पर तैनाती की अवधि बढ़ाने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस का ताला खोला।
जयापुर पोस्ट ऑफिस के डाक वितरक राजू को हटाकर संतोष सिंह को डाकपाल नियुक्त करने के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को हंगामा किया था।
गांव के डाकखाने पर ग्रामीणों ने जड़ा ताला
बताया जा रहा है कि पोस्ट ऑफिस राजू के ही आवास में चलता है, लिहाजा उस पर लोगों ने ताला जड़ दिया था।
गांव में उच्चाधिकारियों के आने की भनक लगते ही मंगलवार सुबह दस बजे ग्रामीण पोस्ट ऑफिस के पास जुटे और डाक विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
एसडीएम राजातालाब अपूर्वा दुबे ने राजू की संविदा का नवीनीकरण करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों का प्रदर्शन खत्म कराया। उधर, सोमवार की रात तबीयत खराब होने पर पीएचसी में भर्ती जक्खिनी राजू को मंगलवार की शाम डिस्चार्ज कर दिया गया।