ऐसा मिसाइल मैन, जो सीधे दिल में उतर जाता था
भारत को एटमी ताकत से नवाजने वाले बच्चों के प्यारे पूर्व राष्ट्रपति मिसाइलमैन डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम अब हमारे बीच नहीं रहे। डॉक्टर कलाम 2002 से 2007 तक देश के 11 वें राष्ट्रपति रहे। राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद उन्होंने राष्ट्रपति होने का जैसे मतलब ही बदल दिया था। वे राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन को लोगों के करीब लेकर आए।
राजनीतिक तौर पर राष्ट्रपति के रूप में भी उनका कार्यकाल खासा प्रभावी रहा। राष्ट्रपति पद की कुर्सी संभालने के एक महीने बाद ही उन्होंने सरकार की तरफ से लाए गए चुनाव सुधार विधेयक को वापस कर दिया। मतलब ये कि रबर स्टाम्प माने जाने वाले पद को एक अलग तरह से उन्होंने परिभाषित किया। राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने देश के हर एक राज्य का दौरा किया।
कलाम स्वभाविक तौर पर एक शिक्षक, एक वैज्ञानिक थे लेकिन उन्होंने राष्ट्रपति पद पर एक परिपक्व राजनेता की तरह छाप छोड़ी। जिस तरह वे राष्ट्रपति दरबार को आम जनता के करीब लाए, वो बाकी राष्ट्रपतियों के लिए भी एक उदाहरण बन गया। डॉक्टर कलाम का मानना था कि असल प्रतिभाएं ग्रामीण भारत में बसती हैं और उन्हें निखारने की जरूरत है।
गांव को देश के विकास की धुरी से जोड़ने का उनका एक सपना था। राष्ट्रपति पद से रिटायर्ड होने के बाद भी लोगों के लिए वे प्रेरणास्रोत बने रहे। अंतिम समय तक वो लगातार सक्रिय रहे और ज्ञान की अलख जगाने का काम करते रहे।
जिसने दी भारत को एटमी ताकत
डीआरडीओ के वैज्ञानिक के तौर पर उन्होंने भारत में मिसाइल टेक्नोलॉजी के अगुवा के तौर पर काम किया। उन्हीं की देखरेख में देश में निर्मित पहले प्रक्षेपास्त्र एसएलवी-3 को विकसित किया गया।
1998 के पोकरण परमाणु विस्फोट में भी उनकी बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका थी। और उनकी बदौलत ही भारत दुनियाभर में एक एटमी ताकत के रूप में पहचाना जाने लगा।
15 अक्टूबर1931 में तमिलनाडु के रामेश्वर में जन्म लेने वाले इस महान वैज्ञानिक को उम्मीद थी कि 2020 तक भारत दुनिया में एक नई पहचान बना लेगा। उनकी इसी उम्मीद ने उस समय देशवासियों की उम्मीद जगाने का काम किया। डॉक्टर कलाम की देखरेख में भारत ने पृथ्वी, अग्नि जैसी मिसाइलों को विकसित किया और इसकी वजह से चीन और पाकिस्तान भारत की जद में आए।
कुल मिलाकर भारत को सुरक्षा की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने में डॉक्टर कलाम का योगदान बेहद महत्वूर्ण है। देश के लिए दिए गए अमूल्य योगदान के लिए 1997 में उन्हें भारत रत्न से नवाजा गया था। डॉक्टर कलाम तो हम सब को छोड़कर चले गए लेकिन आधुनिक भारत को बनाने में उनके योगदान को देश सदैव याद रखेगा।