प्रियंका ने अखिलेश से मांगे एक करोड़ रुपए
लखनऊ में 18 अक्तूबर को सूबे के खिलाड़ियों के सम्मान समारोह से पहले ही पुरस्कार राशि पर सवाल उठने लगे हैं। इंचियोन एशियाई खेलों में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाली एथलीट प्रियंका पंवार ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र भेजकर खुद को एक करोड़ रुपये की हकदार बताया है। प्रियंका का कहना है कि उसकी टीम ने रिकॉर्ड के साथ यह बड़ी सफलता हासिल की है।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में 18 अक्तूबर को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। इंचियोन में चार गुणा चार सौ रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रियंका पंवार का नाम भी पुरस्कृत किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल है।
जिला क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि पंवार को मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा की है, लेकिन प्रियंका ने बृहस्पतिवार को सीएम अखिलेश यादव को पत्र भेजकर अपने रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए खुद को दोहरा पुरस्कार दिए जाने की मांग की है।
'मैं एक करोड़ की हकदार हूं'
पंवार का कहना है कि वह एक करोड़ रुपये की हकदार है। पंवार ने दावा किया कि अन्य राज्यों के धावकों को यूपी से अधिक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
प्रियंका के पिता शिवकुमार पंवार का कहना है कि रिले टीम ने वर्ष 2010 के एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा है।
बदला कार्यक्रम, बदले नाम
लखनऊ में होने वाले सम्मान समारोह के लिए पहले जो सूची जारी की गई थी उसमें प्रियंका पंवार का नाम शामिल नहीं था, लेकिन इंचियोन में पदक जीतने के बाद उसका नाम शामिल कर लिया गया। जिले के 26 खिलाड़ियों को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में पुरस्कृत किया जाएगा।