{"_id":"7f39d112-2ef6-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"prime-minister-s-visit-to-japan-postponed","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रधानमंत्री की जापान यात्रा टली","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
प्रधानमंत्री की जापान यात्रा टली
नई दिल्ली/ अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 15 Nov 2012 01:01 PM IST
विज्ञापन
जापान की अंदरूनी राजनीतिक हलचल की वजह से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बृहस्पतिवार से शुरू हो रही वहां की राजकीय यात्रा स्थगित हो गई है। इस यात्रा के टलने से भारत और जापान के बीच लंबे समय से अटके अहम परमाणु करार का मसला भी फिलहाल ठहर गया है। माना जा रहा है कि जापान सरकार के अनुरोध पर प्रधानमंत्री की यात्रा आखिरी क्षणों में टाली गई है।
विज्ञापन
हालांकि प्रधानमंत्री आसियान शिखर सम्मेलन के लिए कंबोडिया यात्रा पर तय कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को जाएंगे। पीएम सिंह भारत-जापान के बीच होने वाले सालाना शिखर सम्मेलन के लिए बृहस्पतिवार को टोक्यो रवाना होने वाले थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने जापान की अंदरूनी राजनीति की हलचलों की वजह से यात्रा टलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अब भविष्य में दोनों देशों के बीच आपसी सहमति से पीएम की यात्रा का कार्यक्रम बनेगा।
विज्ञापन
गौरतलब है कि जापान के प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के मौजूदा राजनीतिक संकट को देखते हुए वहां की संसद को भंग कर चुनाव कराने का फैसला किया है। पीएम की यात्रा टलने के बाद जाहिर तौर पर परमाणु करार का मुद्दा भी आगे खिसक गया है। परमाणु करार के इस अहम मुद्दे पर दोनों देश किस मुकाम पर पहुंचे हैं, इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव पूर्वी एशिया गौतम बांबवले ने किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन