दुनिया के बाजार पर भी असर डाल रहे मोदी, 13वें नंबर पर
राजनीति में झंडे गाड़ चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाजार की सर्वाधिक प्रभावी शख्सियतों के रूप में भी अपना नाम दर्ज करा लिया। ब्लूमबर्ग मार्केट मोस्ट इंफ्लूएंशियल लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 13वें स्थान पर रखा गया है। सूची में पहले पायदान पर यूएस फेडरल रिजर्व के चेयरपर्सन जैनेट येलेन काबिज हैं।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक सूची में क्रमशः दूसरे और तीसरे पायदान पर हैं।
ब्लूमबर्ग ने बाजार की अतिप्रभावी 50 शख्सियतों की सूची तैयार की है। संगठन पिछले पांच वर्षों से ऐसी सूची तैयार कर रहा है। सूची में अर्थशास्त्रियों, बैंकरों, टेक एक्जिक्यूटिव, उद्यमियों समेत राजनीतिज्ञों को भी शामिल किया गया है। ब्लूमबर्ग का कहना है कि सूची में इस बार अधिकांश चेहरे नए है।
देश में निवेश के लिए मोदी ने कई विदेश यात्राएं
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष केंद्र की सत्ता संभालने के बाद से ही प्रधानमंत्री मोदी भारत में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सक्रियता से काम कर रहे हैं।
भारत में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए उन्होंने 'मेक इन इंडिया' अभियान की शुरुआत की।
मोदी ने निवेश आमंत्रित करने के लिए हाल ही में अमेरिका की सिलिकॉन वैली की यात्रा की थी, जहां उन्होंने गूगूल और फेसबुक समेत कई कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की। मोदी ने पिछला लोकसभा चुनाव विकास को ही मुद्दा बनाकर लड़ा था।