उपराज्यपाल से मिलने पहुंचे केजरीवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने कानून मंत्री सोमनाथ भारती को हटाने का दबाव बढ़ता जा रहा है। केजरीवाल उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे हैं।
दिल्ली के खिड़की एक्सटेंशन में आधी रात को छापा मारने गए भारती की उस समय वहां मौजूद युगांडा की एक महिला ने पहचान कर ली है।
इसके बाद सोमनाथ भारती के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है।
आम आदमी पार्टी की किरकिरी
भारती को लेकर आप सरकार विरोधी दलों के साथ ही महिला संगठनों के निशाने पर भी है।
इन संगठनों का कहना है कि महिला सुरक्षा का नाम लेकर दो दिन तक धरना देने वाले केजरीवाल खुद अपने मंत्री के मामले में दोहरा रवैया अपना रहे हैं।
दिल्ली महिला आयोग ने पहले समन पर पेश नहीं हुए भारती को दूसरा समन भेजा है।
दूसरी ओर तमाम महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भारती के रवैये को आपत्तिजनक करार देते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। इस संदर्भ में महिला अधिकारों से जुड़े नौ समूहों ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी भी लिखी है।
उन्होंने दिल्ली पुलिस के समर्थन में लिखा है कि किसी नेता या कुछ लोगों के कहने पर मनमाफिक कदम नहीं उठाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं है।
जबकि किसी व्यक्ति या मंत्री को कानून हाथ में लेने की अनुमति देना भी खतरनाक है।
पार्टी के कई नेता भी भारती से नाराज
अब माना जा रहा है कि आप में भी अंदरखाने भारती को मंत्री पद से हटाने की सुगबुगाहट है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भारती से नाराज बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक उप राज्यपाल की तरफ से गठित जांच समिति की रिपोर्ट में अगर वह दोषी पाए जाते हैं तो पार्टी भारती के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
भारतीयों ने हम पर हमला किया
खिड़की एक्सटेंशन मामले में साकेत स्थित अदालत में दो महिलाओं ने बयान दर्ज कराए हैं। इनमें से एक युगांडा की है। उसने टीवी और प्रिंट इंडिया की फुटेज देखने के बाद भारती की पहचान की।
बयान में उसने कहा है कि बुधवार रात भारती की अगुवाई में भारतीयों ने हम पर हमला किया। हमला करने वाले कह कर रहे थे कि हम अश्वेत हैं और हमें देश छोड़ देना चाहिए। हमें पीटा गया।
मैंने भारती को पहचान लिया क्योंकि वह रात में आए थे और अगले दिन उनकी तस्वीर टीवी में देखी और वह उन्हीं कपड़ों में थे जो रात को पहने हुए थे।