आज मथुरा जाने का प्लान हो तो टाल दीजिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के आगमन को देखते हुए रविवार को वृंदावन में व्यापक तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रपति यहां पर सबसे ऊंचे बनाए जाने वाले चंद्रोदय मंदिर में अनंत शेष की पूजा करेंगे।
प्रणब मुखर्जी के आगमन को देखते हुए लोगों को हिदायत दी गई है कि जो लोग वृंदावन आने का कार्यक्रम बना रहे हैं वो रविवार की दोपहर ही यहां आएं, नहीं तो उन्हें वृंदावन में राष्ट्रपति के कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार रात में ही प्रमुख मार्गों पर नो एंट्री के बोर्ड लगा दिए गए हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एडीजी सुरक्षा गोपाल गुप्ता और आईजी आगरा जोन सुनील कुमार गुप्ता ने शनिवार को स्थानीय केडी डेंटल कॉलेज के सभाकक्ष में 2500 जवानों को सतर्कता के संबंध में निर्देश दिए और कहा कि आत्मघाती हमले या ड्रोन हमले की संभावना को ध्यान में रखकर सजग रहना होगा।
उधर सुरक्षा के लिहाज से बांके बिहारीजी मंदिर की रसोई भी खाली करा दी गई है। पूरे वृंदावन में चप्पे-चप्पे पर यहां जवान तैनात कर दिए गए हैं। पूर्वाह्न 11:25 बजे हेलीपेड पर उतरेगा राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरेगा। इसके बाद महामहिम 11:30 बजे चंद्रोदय मंदिर की प्रोजेक्ट साइट पर जाएंगे और 12:08 बजे अनंत शेष स्थापना पूजा करेंगे।
अपराह्न 12:15 बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शिलापट्टिका का अनावरण करेंगे। एक मिनट बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा। अपराह्न 12:45 बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी श्री बांकेबिहारी मंदिर पहुंचेंगे। पंद्रह मिनट पूजा-अर्चना के बाद महामहिम यहां से रवाना हो जाएंगे। अपराह्न 01.25 बजे राष्ट्रपति मुखर्जी वृंदावन से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
अक्षयपात्र में कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रपति के साथ प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि कारागार मंत्री बलराम सिंह यादव, सांसद आस्कर फर्नांडीज, मथुरा सांसद हेमा मालिनी, अक्षयपात्र से मधु पंडितदास और चंचलापतिदास मंच साझा करेंगे।
आने जाने वालों के लिए रूट हुए तय
महामहिम को उनकी इस यात्रा के दौरान कोई तकलीफ न हो इसलिए सड़क मार्गों पर चौकसी बढ़ाने के साथ साथ रोजाना सड़क मार्ग पर चलने वाले वाहनों के लिए रूट तय कर दिए गए हैं।
दिल्ली से एनएच-2 से आने वाले वाहन छटीकरा तिराहे से रमणरेती वृंदावन की ओर नहीं जा सकेंगे। ये वाहन गोकुल रेस्टोरेंट तिराहे से मुड़कर मसानी चौराहे होते हुए वृंदावन की ओर जाएंगे। यमुना एक्सप्रेसवे होकर अक्षयपात्र में होने वाले कार्यक्रम में आने वाले वाहन राया कट या वृंदावन कट से उतरकर वृंदावन की ओर जाएंगे।
मथुरा-वृंदावन मार्ग स्थित सौ फुटा तिराहे से होकर छटीकरा रमणरेती मार्ग पर प्रेम मंदिर के समीप निकलकर अक्षयपात्र के लिए जाएंगे। छटीकरा तिराहे से रमणरेती वृंदावन की ओर केवल वही वाहन जा सकेगा जो अक्षयपात्र में होने वाले कार्यक्रम में जा रहा होगा और उसे पास दिखाना होगा।
सुरक्षा के लिहाज से किसी भी व्यावसायिक वाहन को मसानी चौराहे से वृंदावन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं वृंदावन कट या राया कट से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को भी वृंदावन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। छटीकरा से रमणरेती चौराहे होकर परिक्रमा मार्ग (वीआईपी मार्ग) होते हुए जादौन पार्किंग और वीआईपी पार्किंग बाके बिहारी मंदिर तक का संपूर्ण मार्ग प्रतिबंधित रहेगा।