जानिए, मोदी के नामांकन की तैयारी के अंदर की सारी बातें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी गुरुवार को नामांकन करेंगे। इसके लिए पार्टी के आला नेताओं ने बुधवार को सुबह से देर शाम तक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर पूरे कार्यक्रम का ब्लूप्रिंट तैयार किया।
नामांकन से पहले निकाले जाने वाले रोड शो में अमित शाह, मुख्तार अब्बास नकवी समेत प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी व अन्य नेता भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के भी आने की सूचना है लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
पार्टी का दावा है कि रोड शो में एक लाख कार्यकर्ताओं का हुजूम होगा।
मीडिया में बेहतर कवरेज की खास व्यवस्था
नरेंद्र मोदी काशी की सरजमीं पर सबसे पहले लंका स्थित महामना मालवीयजी की प्रतिमा को नमन करेंगे। इसके बाद मलदहिया चौराहे पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो की शुरुआत करेंगे।
खास बात यह है कि पार्टी के रणनीतिकारों ने नामांकन जुलूस की मीडिया में बेहतर कवरेज की खास व्यवस्था की है। इसके लिए छह स्थानों पर ऊंचे प्लेटफार्म बनाए जाएंगे। इन पर तीन कतारों में खड़े होकर फोटोग्राफर्स और कैमरामैन मोदी की गतिविधियां कवर कर सकेंगे।
एक प्लेटफार्म लंका पर मालवीयजी की प्रतिमा के पास होगा। इसके अलावा मलदहिया चौराहे पर, पटेल धर्मशाला चौराहे पर, अंधरापुल के पास, होटल गैंगवे ताज के सामने और विवेकानंद जी की प्रतिमा के पास भी प्लेटफार्म बनाए जा रहे हैं।
मोदी का रोड शो
रोड शो में तीन खुली गाड़ियां होंगी। सबसे आगे की जीप में मोदी और अमित शाह होंगे। दूसरी गाड़ी में अन्य राष्ट्रीय स्तर के नेता होंगे। तीसरी गाड़ी में प्रदेश के आला नेताओं समेत स्थानीय पदाधिकारी होंगे। इनके पीछे होगा कार्यकर्ताओं का लंबा कारवां।
शहर और जिले से संख्याबल जुटाने के लिए पार्टी के स्थानीय विधायकों समेत सांगठनिक पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मीडिया कवरेज बेहतर हो इसके लिए यह व्यवस्था भी की गई है कि मोदी के वाहन के आगे दो मिनी ट्रकों में नेशनल-इंटरनेशनल और स्थानीय फोटोग्राफर्स चलेंगे।
सबको पूज साधेंगे सोशल इंजीनियरिंग
भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी अंतिम दिन नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन में न केवल भाजपा शक्ति प्रदर्शन करेगी बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश भी देगी। इसके लिए चुनाव प्रबंधकों ने तीन दिनों की मेहनत के बाद खाका तैयार किया है। संघ के समरसता के सिद्धांत को दिखाने के लिए न केवल स्टैच्यू इंजीनियरिंग को शामिल किया है, बल्कि सोशल इंजीयिरिंग का भी ध्यान रखा है।
मोदी अपने नामांकन से पहले बीएचयू में महामना प. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर न केवल काशी की जनता से जुड़ने का संदेश देंगे बल्कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वहीं से रोड शो की शुरुआत कर सेवापुरी ओर रोहनिया के पटेल मतों को अपनी ओर रिझाने की कोशिश भी करेंगे।
इसके बाद स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर युवाओं को भाजपा के आदर्श और सिद्धांतों से जुड़ने की अपील करेंगे। यही नहीं डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दलितों को भाजपा के समरसता भाव से जोड़ने की कोशिश करेंगे।
प्रस्तावकों में भी बुना सामाजिक तानाबाना
वहीं प्रस्तावकों के चयन में भी सोशल इंजीनियरिंग का ख्याल रखा गया है। पद्म भूषण पं. छन्नूलाल मिश्रा को शामिल कर जहां संगीत और कला प्रेमियों को साधने की कोशिश की गई है। वहीं नूर फातिमा के जरिये मुसलिम मतदाताओं और मल्लाह वीरभद्र साहनी के जरिये कमजोर तबके को रिझाने का प्रयास किया गया है।
साथ ही, बीएचयू के संस्थापक महामना पं. मदन मोहन मालवीय के पौत्र और गंगा की अविरलता-निर्मलता से जुड़े गिरधर मालवीय को शामिल कर प्रबुद्ध वर्ग को साथ लाने की कोशिश है।
साथ ही निषाद समाज से वीरभद्र साहनी को शामिल कर गंगा से जुड़े लोग और समाज के निचले तबके को भी शामिल करने की कोशिश है।
मोदी का नामांकन कार्यक्रम : मिनट-टू-मिनट
- 8:40 बजे हेलिकॉप्टर से बीएचयू के लिए उड़ान भरेंगे
- 9:00 बजे बीएचयू हेलीपैड पहुंचेंगे
- कार से लंका स्थित मालवीयजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचेंगे
- यहीं 108 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा स्वतिवाचन कर उन्हें आशीष दिया जाएगा
- लंका से वापस बीएचयू हेलीपैड पहुंचेंगे
- 9:30 बजे हेलिकॉप्टर से काशी विद्यापीठ के लिए उड़ान भरेंगे
- 9:50 बजे काशी विद्यापीठ स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे
- 10 बजे मलदहिया चौराहे पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण, रोड शो की शुरुआत
- नामांकन जुलूस पटेल धर्मशाला, अंधरापुल, नदेसर होते हुए मिंट हाउस पहुंचेगा
- यहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे
- यहीं जिस वाहन पर मोदी सवार होंगे, उसी से समर्थकों को संबोधित कर आभार जताएंगे
- 11:35 बजे मिंट हाउस से कलेक्ट्रेट के लिए प्रस्थान करेंगे
- कचहरी चौराहे पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद नामांकन पत्र दाखिल करेंगे
- 12 बजे पर्चा दाखिले के बाद कचहरी से पुलिस लाइन जाएंगे
- 12:10 बजे पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर द्वारा बाबतपुर एयरपोर्ट चले जाएंगे।