अमेरिका में बढ़ी हिंदुओं की आबादी, जानिए क्यों?
अमेरिका में पिछले सात वर्षों में हिंदुओं और मुसलमानों की आबादी दोगुनी हो गई है, जबकि ईसाइयों की आबादी में 10 फीसदी की कमी आई है। पीऊ रिसर्च सेंटर ने एक रिपोर्ट के जरिए दावा किया है कि अमेरिका में ईसाइयों के संख्या किसी भी मुल्क की तुलना में अब भी सबसे ज्यादा है।
'अमेरिकाज चेजिंग रीलिजियस लैंडस्केप' नाम से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि 10 अमेरिकियों में अब भी सात ईसाई हैं, हालांकि हिंदुओं और मुसलमानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
2007 में अमेरिकी आबादी में ईसाइयों की संख्या 78.4 फीसदी थी, जबकि 2014 में घटकर 70.4 फीसदी हो गई। उल्लेखनीय है कि पीऊ रिसर्च सेंटर ने भारत में संबंध में भी एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 2050 तक भारत मुस्लिम आबादी के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा मुल्क बन जाएगा।
पैसे और पढ़ाई में भी हिंदू आगे
पीऊ रिसर्च सेंटर का कहना है कि 2007 से 2014 के बीच अमेरिका में हिंदुओं की आबादी 0.4 फीसदी से बढ़कर 0.7 हो गई। इसी अंतराल में मुस्लिमों की आबादी 0.4 फीसदी से बढ़कर 0.9 फीसदी हो गई।
रिपोर्ट में विभिन्न धर्मों के शैक्षिक और आर्थिक स्तर के बारे में जानकारी भी दी गई है। पीऊ रिसर्च ने दावा किया है कि अमेरिका में अब भी हिंदू और यहुदी सर्वाधिक पढ़े-लिखे समुदाय हैं।
रिसर्च के अनुसार 36 फीसदी हिंदू परिवारों की वार्षिक आय 100,000, डॉलर से ज्यादा है, जबकि राष्ट्रीय स्तर मात्र 19 फीसदी परिवारों की आय ही 100,000, डॉलर से ज्यादा है।