SSC परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक बनियान पहनाकर कराते थे नकल
एसएससी की परीक्षा में उत्तीर्ण कराने का ठेका लेने वाले तीन हाईटेक सॉल्वर कोतवाली पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। तीनों सॉल्वर हाईटेक तरीके से वायर, चिप और माइक्रो ईअरफोन के माध्यम से अभ्यर्थियों को एसएससी का पेपर सॉल्व कराने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने इन्हें दबोच लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने फोर्स के साथ भूतेश्वर बसस्टैंड स्थित एक गेस्ट हाउस में छापा मारकर एसएससी परीक्षा में पैसे लेकर पेपर सॉल्व कर नौकरी लगवाने का गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया।
तीनों ने अपना नाम प्रशांत कुमार निवासी हजियापुर टप्पल अलीगढ़, सोनू उर्फ अंकित कुमार निवासी सलेमपुर बुलंदशहर और रेशमपाल पुत्र महावीर प्रसाद निवासी थाना लोधा अलीगढ़ बताया।
कैसे काम करता था इलेक्ट्रॉनिक बनियान
एसपी सिटी शैलेष पांडेय ने बताया कि तीनों सॉल्वर प्रति व्यक्ति तीन लाख रुपये लेकर इलेक्ट्रानिक बनियान और अन्य उपकरण देते हैं और मोबाइल की सिम को बनियान की किट में लगाकर प्रश्न हल कराते हैं। ये दलालों के माध्यम से रुपया लेकर परीक्षार्थियों को पास कराने का ठेका लेते हैं।
तीनों इलेक्ट्रानिक बनियान में वायरिंग, मोबाइल सिम, ईयरपीस, बैटरी सेल, एंटीना और माइक लगाते हैं। इसी बनियान को पहनकर परीक्षार्थी पेपर देता है और एंटीना-माइक से बाहर तक पेपर बताते हैं। बाहर से सॉल्वर कैप्सूलनुमा ईअरफोन से सवालों के जवाब बताते हैं।
एसपी सिटी शैलेष पांडेय ने बताया कि तीनों के पास से 30000 रुपये, 30 इलेक्ट्रानिक बनियान, आठ ईयरपीस, 25 बैटरी सेल, माइक, दो मोबाइल फोन, एक एक्सेंट कार बरामद हुए हैं। सॉल्वर को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
15 अभ्यर्थियों से हुआ था पेपर सॉल्व कराने का ठेका
रविवार को एसएससी की परीक्षा कानपुर और आगरा केंद्रों पर होनी थी। इन्हीं केंद्रों पर परीक्षा देने वाले 15 अभ्यर्थियों से तीनों हाईटेक सॉल्वर्स का दलालों के माध्यम से तीन-तीन लाख रुपये में सौदा हुआ था।
हालांकि पुलिस जांच कर रही है कि इन अभ्यर्थियों में से कोई मथुरा का था अथवा नहीं। इन अभ्यर्थियों को तीनों सॉल्वर्स मथुरा में बैठकर ही पेपर सॉल्व कराते।
एसपी सिटी शैलेष पांडेय ने बताया कि सॉल्वर्स हाईटेक वायरिंग और मोबाइल से भारत में कहीं भी बैठे परीक्षार्थियों को कहीं से भी बैठे-बैठे पेपर सॉल्व करा देते। तीनों सॉल्वर्स किस्तों में पैसे लेते थे। इनमें बनियान देते समय 20000 रुपये और 80 हजार रुपये पेपर सॉल्व कराने के बाद लेते थे। शेष दो लाख रुपये परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अभ्यर्थियों से लिया करते थे।
परीक्षार्थियों के स्थान पर स्वयं परीक्षा दे चुका है सॉल्वर
एसपी सिटी शैलेष पांडेय ने बताया कि दबोचे गए तीनों सॉल्वरों में से एक प्रशांत कुमार स्वयं आईएएस की तैयारी कर चुका है। गणित और रीजनिंग के पेपर यही सॉल्व करता था और अन्य सवालों के जवाब इंटरनेट के माध्यम से ढूंढकर बताता था।
बताया कि प्रशांत ने पेपर सॉल्व करने का यह हाईटेक तरीका पहली बार अपनाया था। इससे पूर्व अन्य परीक्षाओं में परीक्षार्थियों के स्थान पर बैठकर उनकी परीक्षा दे चुका है। एसपी सिटी ने कहा कि जांच में ऐसे परीक्षार्थियों को तलाश किया जाएगा और इसकी रिपोर्ट तैयार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
एसएससी की परीक्षा में पकड़े छह ‘सॉल्वर’
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की कांस्टेबिल जीडी की परीक्षा में सिकंदरा के दो परीक्षा केंद्रों पर पांच और मलपुरा में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। उन्होंने परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने का 50 से 60 हजार रुपये में सौदा तय किया था। पुलिस को उनके सॉल्वर गैंग के सदस्य होने की संभावना है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। देर रात तक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी।
दहतोरा (शास्त्रीपुरम) स्थित भूदेवी महाविद्यालय परीक्षा केंद्र के बी ब्लाक में कक्ष निरीक्षक ने कक्ष संख्या 13 में प्रथम पाली में अभ्यर्थी विनय कुमार के स्थान पर राजेश पुत्र हरी सिंह निवासी मकदमपुर, नौझील (मथुरा) को परीक्षा देते पकड़ा। द्वितीय पाली में भानु प्रताप सिंह की जगह शैलेश निवासी गया (बिहार), जगमोहन की जगह हरेंद्र निवासी रनपुरा (थाना फतेहाबाद), अजय बाबू की जगह मनोज कुमार निवासी सहसबा (बिहार) को पकड़ा गया।
शैलेश के पास से फर्जी वोटर कार्ड, हरेंद्र के पास से एडमिट कार्ड और फर्जी आधार कार्ड मिला। बाईंपुर रोड स्थित श्री रामचंद्र पब्लिक इंटर कालेज में सुबह की पाली में पूरन सिंह की जगह मनोज उर्फ मोनू निवासी सुजावल गढ़ पेशावा (अलीगढ़) को पकड़ा गया। इसके पास से फर्जी वोटर आईडी कार्ड मिला। मलपुरा के धनौली के सेठ नत्थीलाल इंटर कालेज में द्वितीय पाली में अभ्यर्थी दीपक के स्थान पर सुरेंद्र निवासी फरह (मथुरा) को परीक्षा देते हुए पकड़ा।
दो नकलची भी पकड़े
श्री रामचंद्र पब्लिक इंटर कालेज में परीक्षा के दौरान पर्ची से नकल करते हुए मानवेंद्र निवासी राया और सुनील कुमार सिकरवार निवासी गांव खढेरा, बल्देव (मथुरा) को पकड़ लिया।