पुलिस पर आरोप, बसपा से सपा के खेमे में पहुंचाए क्षेत्र पंचायत सदस्य
यूपी में ब्लाक प्रमुख चुनाव से पहले सुल्तानपुर ब्लाक के 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अपहरण पर सियासत गर्मा गई। आरोप है कि पुलिस सोमवार की रात ग्वालियर के एक होटल से बसपा खेमे के चालीस क्षेत्र पंचायत सदस्यों को लेकर मैनपुरी आई और उन्हें सपा खेमे में पहुंचा दिया है। मंगलवार को बसपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जमकर हंगामा किया और शाम तक धरना दिया।
उधर, शाम को भोगांव पुलिस ने सुल्तानपुर ब्लाक से सपा प्रत्याशी की रिपोर्ट पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अपहरण के आरोप में बसपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख अभिलाष सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। बसपा नेताओं ने उन्हें छुड़ाने के लिए थाने का घेराव कर हंगामा किया।
मंगलवार को बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता मंडल कोआर्डिनेटर दीपक पेंटर, सुल्तानगंज की ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी रीतू सिंह, जिलाध्यक्ष एसपी राणा, कमलेश कुमारी के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। इन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं और प्रमुख प्रत्याशी ने पुलिस की मदद से चालीस क्षेत्र पंचायत सदस्यों का अपहरण कर लिया।
पुलिस ने नकारे आरोप
लगभग दो घंटे तक डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के बाद इन्होंने
डीएम चंद्रपाल सिंह से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। साथ ही
निष्पक्ष चुनाव कराने की भी मांग की। इस पर डीएम ने उन्हें जांच कर उचित
कार्रवाई का भरोसा दिलाया। डीएम से मिलने के बाद बसपा नेता कलक्ट्रेट स्थित
तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गए। देर शाम तक वे धरने पर बैठे रहे।
शाम
पांच बजे एसपी राकेश शंकर ने उनसे मुलाकात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन
दिया। इसके बाद बसपा नेता और कार्यकर्ता धरनास्थल से उठ गए। एसपी राकेश शंकर ने बताया कि बसपा नेता ही 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ ग्वालियर के एक होटल में रुके थे। वहां किसी ने पुलिस से शिकायत कर दी कि एक ही जिले के 40 लोग कई दिनों से होटल में ठहरे हुए हैं, जिसपर स्थानीय पुलिस ने छापा मारकर सभी से पूछताछ की।
वहां की पुलिस ने पुष्टि के लिए मैनपुरी पुलिस से बात की और आकर ले जाने का आग्रह किया था। इसके बाद सभी को वापस लाकर मैनपुरी छोड़ दिया गया। घर से उठाने की बात गलत है। बसपा नेताओं ने सपा नेताओं से खतरा बताते हुए पार्टी प्रत्याशी रितु सिंह भारती के लिए गनर की मांग डीएम से की। इस पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।