काले धन पर मोदी सरकार ने लिया बड़ा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नरेंद्र मोदी की पहली कैबिनेट की बैठक में पहला बड़ा फैसला करते हुए काले धन की वापसी को लेकर एसआईटी बनाने का फैसला हुआ है।
इस एसआईटी के मुखिया जस्टिस एम बी शाह होंगे। इसके अलावा सीबीआई निदेशक, आईबी अधिकारी, प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक और कई बड़े अधिकारी इस एसआईटी के सदस्य होंगे।
दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि काले धन की वापसी को लेकर हमारी सरकार संकल्पबद्ध है।
रेलवे दुर्घटना में घायलों को मिलेगा मुआवजा
दूरसंचार मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर कल ही दुख जताया था। इसके साथ ही आज घटनास्थल पर दो मंत्रियों कलराज मिश्र और मनोज सिन्हा को भेजा गया था।
2 घंटे तक चली इस कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने रेलवे की सुरक्षा को लेकर बड़े अधिकारियों से बातचीत भी की।
जजों की संख्या में बढ़ोत्तरी
राष्ट्रीय न्यायिक आयोग का गठन और विदेशों में जमा काले धन की वापसी पर एसआईटी गठित करना नरेंद्र मोदी सरकार की प्राथमिकता में है, यह कहना है देश के नए कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद का।
मंगलवार को कानून मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद प्रसाद ने कहा कि देश में जजों की संख्या में बढ़ोत्तरी करना, न्याय तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए कोर्ट के बुनियादी ढांचों में सुधार करना और देश को अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थ और सुलह मामलों का हब बनाना उनकी सरकार की कई प्राथमिकताओं में से एक है।
पहले दिन एक्शन में आई भाजपा
जजों की नियुक्ति करने वाली मौजूदा जजों के कोलेजियम सिस्टम को खत्म करने के सवाल पर प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय न्यायिक आयोग का गठन तो भाजपा के घोषणापत्र में ही था।
हालांकि, उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर अभी हम मौजूदा व्यवस्था के तहत ही काम करेंगे। अगर कोई सुधार या कुछ और सलाह की जरूरत हुई तो ही हम इस पर विचार कर सकते हैं।
मनमोहन सिंह से की प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात
कैबिनेट मीटिंग से पहले मनमोहन सिंह के घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मिले हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को फूल भेंट किए।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ उनकी पत्नी भी इस मौके पर उपस्थित थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के घर चले गए। इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है।
'दोनों देशों के बीच शांति की उम्मीद बढ़ी'
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच लगभग 50 मिनट तक हुई बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
भारत यात्रा प आए पाक प्रधानमंत्री ने अपनी पहली प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि नरेंद्र मोदी से बातचीत अच्छी रही है। मुलाकात से दोनों देशों के बीच शांति की उम्मीद बढ़ी है।
नवाज ने बताया कि उन्होंने दोनो देशों के बीच बातचीत दोबारा शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत जहां रुक गई थी, वहीं से फिर से शुरु होने हो।
नवाज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान आने का न्योता स्वीकार किया है।
मोदी-नवाज की बातचीत में उठे कई मुद्दे
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच लगभग 50 मिनट तक हुई बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों की बातचीत में आतंकवाद, व्यापार समेत दाऊद इब्राहीम और हफीज सईद की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठा है।
पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ थोड़ी देर में मीडिया से बातचीत करेंगे। वहीं, विदेश सचिव सुजाता सिंह ने सार्क देशों के नेताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत का ब्योरा दिया।
मोदी और नवाज की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात की। मोदी के साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी मौजूद थीं।
दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों के मध्य आपसी विश्वास बढ़ाने, आतंकवाद और एमएफएन के मुद्दे पर बातचीत हुई।
नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद नवाज शरीफ ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मुलाकात की। पाक पीएम नवाज शरीफ जल्द ही मीडिया से बात करेंगे।
मंत्रालय का कार्यभार नहीं संभालेंगे अनंत गीते
एनडीए की प्रमुख घटक दल शिवसेना नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में अपने सांसद को अहमियत वाला मंत्रालय नहीं दिए जाने पर नाराज बताई जा रही है।
शिवसेना से सांसद अनंत गीते को मोदी कैबिनेट में भारी उद्योग मंत्रालय दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक शिवसेना के नेता इससे नाखुश हैं।
माना जा रहा है कि अनंत गीते फिलहाल मंत्रालय का कार्यभार नहीं संभालेंगे।
हामिद करजई, महिंद्रा राजपक्षे से मुलाकात
इससे पहले पीएम पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया। मोदी पीएम के आधिकारिक काफिले के साथ दफ्तर पहुंचे।
अपने कार्यालय में जरूरी काम निपटाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैदराबाद हाउस पहुंचे। यहां मोदी के साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी मौजूद थीं।
मोदी ने यहां सबसे पहले अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंद्रा राजपक्षे और मालद्वीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यमीन गयूम से मुलाकात की।
अब काम करने का वक्त है: मोदी
नरेंद्र मोदी ने अपनी वेबसाइट पर लिखा है कि अब काम करने का वक्त है।
इससे पहले पाक पीएम नवाज शरीफ सुबह जामा मस्जिद और लालकिला पहुंचे। जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने बताया कि नवाज शरीफ भारत और पाकिस्तान के बीच की दूरियों के खत्म होने की दुआ मांगने आए हैं।
नवाज शरीफ दोपहर करीब 2 बजे पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के वयोवृद्ध नेता अटल बिहारी वाजपेयी से मिलेंगे।
मंत्रियों को बांटे उनके विभाग
मोदी के साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों को आधिकारिक तौर पर उनके विभाग बांट दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्मिक विभाग, लोक शिकायत और पेंशन विभाग, अंतरिक्ष के परमाणु ऊर्जा विभाग अपने पास रखे हैं।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने भी कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया है।
सोमवार को ही राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। मोदी के साथ 45 अन्य मंत्रियों ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।