भाजपा सांसद प्रियंका को मोदी की फटकार
किसी रिश्तेदार को निजी प्रतिनिधि नहीं बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिदायत को दरकिनार करने वाली बाराबंकी की भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत को उनकी फटकार झेलनी पड़ी है।
फटकार के तत्काल बाद रावत ने नया सांसद प्रतिनिधि बनाने की बात कही है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिता को अस्थायी तौर पर अपना प्रतिनिधि बनाया था।
मोदी ने अपने मंत्रियों को पर्सनल स्टाफ में रिश्तेदारों को न रखने की हिदायत दी थी।
पिता को सांसद प्रतिनिधि बनाने से हुई किरकिरी
मोदी की हिदायत भले ही मंत्रियों के लिए थी, मगर यह माना गया था कि इसका संदेश नीचे तक जाएगा और सांसदों को इस बारे में अलग से समझाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन रावत ने 26 मई को सर्कुलर जारी कर पिता को अपना सांसद प्रतिनिधि बना कर सरकार की किरकिरी करा दी।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मोदी ने रविवार को रावत को खुद फोन कर इस मामले में फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने रावत को अपने पिता की जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाने का निर्देश दिया। फोन पर फटकार लगते ही रावत ने अपनी सफाई पेश करनी शुरू कर दी।
रावत ने कहा है कि अब वह पार्टी नेताओं से बातचीत कर नया प्रतिनिधि चुनेंगी। उल्लेखनीय है कि अपने पिता को सांसद प्रतिनिधि बनाने संबंधी समाचार पत्रों में छपी खबर को सांसद ने अपने फेसबुक पेज पर भी प्रदर्शित किया था।