मोदी का मंच सजा रहे माली की करंट से मौत, दौरा रद्द
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा एक बार फिर रद्द कर दिया गया है। पखवाड़े भर में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री का दौरा रद्द किया गया है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, नरेंद्र मोदी को गुरुवार को दोपहर बाद वाराणसी जाना था। हालांकि शहर में पिछली रात से ही भारी बारिश हो रही थी, जिसके चलते दौरे को लेकर आशंका जताई जा रही थी।
हालांकि मोदी के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने इस बार काफी तैयारी की थी। कार्यक्रम का मंच ही 9 करोड़ रुपए में तैयार किया गया था। गुरुवार को मंच की सजावट की जा रही थी, उस दौरान ही माली देवनाथ मन्ना (20 वर्ष) को करंट लग गया। इलाज के लिए उन्हें बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
माली की मौत के बाद मंच की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे। प्रशासन ने बारिश और सुरक्षा के सवालों मद्देनजर दौरा रद्द करना ही मुनासिब समझा।
छठीं बार टला ट्रामा सेंटर का उद्घाटन
मजदूर की मौत के कारण मोदी का दौरा रद्द होने की बात भाजपा ने भी कही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने अमर उजाला को बताया मोदी ने मजदूर देवनाथ की करंट से मौत होने पर दौरा रद्द कर दिया है।
प्रधानमंत्री का दौरा रद्द होने की सूचना डीआईजी एसके भगत ने भी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र में 18 सौ करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन करना था। जिनमें 197 करोड़ से बने बीएचयू ट्रामा सेंटर का उद्घाटन भी शामिल था। ट्रामा सेंटर का उद्घाटन छठीं बार टला है।