कौन हैं डॉक्टर नगेंद्र? जो ठीक कर सकते हैं केजरीवाल की खांसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केजरीवाल को उनकी खांसी का इलाज कराने के लिए बंगलौर के जिस डॉक्टर का नाम बताया था वह अब चर्चा का विषय बन गए हैं। लोगों में डॉक्टर नगेंद्र को लेकर यह उत्सुकता है कि डॉ. नगेंद्र कौन हैं और पीएम मोदी का उनसे परिचय कैसे है?
डॉ. नगेंद्र बैंगलौर में गुरूजी के नाम से जाने जाते हैं और उनकी छवि एक अध्यामिक गुरु के रूप में है। एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में डॉक्टर नगेंद्र ने बताया कि वह एलर्जी या खांसी का ईलाज विशेष योगाभ्यास के जरिए करते हैं।
पीएम मोदी से परिचय के बारे में डॉ. नगेंद्र ने बताया कि मोदी उनके ब्यासा संस्थान में तीन-चार बार आ चुके हैं यहां की चिकित्सा पद्धति को ध्यान से देख है इसलिए उनके यहां के बारे में जानकारी है। मोदी की ओर से केजरीवाल लिए खुद का नाम लिए जाने के लिए डॉ. नगेंद्र ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया है।
'सात दिन में ठीक हो जाएगी केजरीवाल की खांसी'
उन्होंने बताया कि इसके लिए केजरीवाल को सात दिन तक एक विशेष योगाभ्यास करना होगा। उनके अनुसार दवाइयों से बीमारी को दबाया जा सकता है या कम किया जा सकता है लेकिन जड़ से नहीं ठीक किया जा सकता। केजरीवाल को खांसी और सर्दी को लेकर जो एलर्जी है उसका योग के जरिए शमन किया जाएगा।
डॉ. नगेंद्र के बारे में ऐसा भी कहा जा रहा है कि वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुडे़ लोग हैं और वे आरएसएस के कार्यकर्ताओं का इलाज मुफ्त में करते हैं। वहीं केजरीवाल का इलाज मुफ्त में करने के बारे में डॉक्टर नगेंद्र का कहना है कि केजरीवाल जैसा चाहेंगे उनका इलाज वैसे ही किया जाएगा।
मोदी के सामने आई थी केजरीवाल को खांसी
मंगलावार को दिल्ली पुलिस के एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह के केजरीवाल भी आमंत्रित थे। इस कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया और केजरीवाल जब किरण बेदी के सामने गृहमंत्री और प्रधानमंत्री से कुछ बात कर रहे थे तभी उन्हें खांसी आने लगी।
केजरीवाल की इस चिर परिचित खांसी पर राजनाथ सिंह ने कहा 'आपको खांसी बहुत रहती है' इस पर केजरीवाल बोलेए 'हां मैं भी परेशान हूं' अभी तक यह ठीक नहीं हुई। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा आपको इतनी ज्यादा खांसी क्यों आती है और यह समस्या कब से है?
मनीष सिसोदिया ने कहा मैं तो ये खांसी 12-15 साल से देख रहा हूं। केजरीवाल ने कहा कि दवा लेने पर ठीक हो जाती है लेकिन मौसम बदलने और हवा में धूल बढ़ने से फिर हो जाती है। इस पर मोदी ने कहा 'आप बंगलौर के डॉक्टर नगेंद्र से कंसल्ट करिए वे क्रॉनिक खांसी के एक्सपर्ट हैं। मुझे उम्मीद है कि आपकी खांसी जरूर ठीक हो जाएगी।' इस पर केजरीवाल ने हां के संकेत में सिर हिलाया।