थरूर को सोनिया ने पिलाई डांट तो मोदी ने की तारीफ
संसद में हंगामा कर रही कांग्रेस का विरोध करने के लिए सोनिया से डांट खाने वाले सांसद शशि थरूर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुलकर तारीफ की है।
बृहस्पतिवार को संसद परिसर में स्पीकर्स रिसर्च इनिशिएटिव पर कार्यशाला के उद्घाटन के दौरान मोदी ने कांग्रेस सांसद के वाद-विवाद कौशल को जमकर सराहा। जवाब में थरूर ने भी उनका धन्यवाद दिया।
थरूर ने हाल ही में ऑक्सफोर्ड में हुए वाद-विवाद में भारत पर 200 वर्षों के औपनिवेशिक शासन के लिए ब्रिटेन से मुआवजे की मांग की थी। मोदी ने इसका जिक्र करते हुए कहा, ‘ऑक्सफोर्ड में हुए वाद-विवाद का बहुत महत्व है।
यह अच्छी बात है कि शशि जी वहां मौजूद थे। उन्होंने जो कुछ भी कहा, वह भारत के नागरिकों की भावनाओं को दर्शाता है।’ मोदी ने ध्यान दिलाया कि थरूर का भाषण यूट्यूब पर वायरल हो गया है।
कहा कि थरूर की बात का महत्व समय और स्थान में है। मोदी ने सांसदों से कहा कि हमें नए विचारों को लेकर अपना दिमाग खुला रखना चाहिए। स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है जैसे नारे किसी कॉपीराइटर ने नहीं लिखे।
यह आत्मा की आवाज थी। कार्यक्रम में सबसे आगे बैठे थरूर ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा पर मुस्कुरा कर जवाब दिया। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी थरूर की बड़ाई करते हुए कहा कि उनकी बात दिल से निकली थी।
कार्यक्रम के बाद इस बारे में पूछे जाने पर थरूर ने मोदी के प्रति कृतज्ञता जाहिर की। थरूर ने कहा कि मोदी ने यह बात बड़े दिल से की है।
पीएम ने भले ही थरूर की प्रशंसा ऑक्सफोर्ड में हुए वाद-विवाद के संदर्भ में की हो लेकिन इसके समय को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल जरूर मच गई।
दरअसल संसद में कांग्रेस की रणनीति पर अंगुली उठाने पर सोनिया गांधी ने एक दिन पहले ही थरूर को फटकारा था। इसके अलावा इस कार्यक्रम में थरूर इकलौते कांग्रेसी सांसद थे। हालांकि इस बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें स्पीकर की ओर से निमंत्रण मिला था।
मोदी जी धन्यवाद, हम अपनी मांग पर कायम हैं
नरेंद्र मोदी द्वारा शशि थरूर की तारीफ ने कांग्रेस को असहज कर दिया है। पार्टी ने मोदी का धन्यवाद तो किया पर साथ ही कहा कि वह वसुंधरा राजे, शिवराज सिंह चौहान तथा सुषमा स्वराज के इस्तीफे की मांग पर कायम रहेगी।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब असली मुद्दों पर लौट चलते हैं। हम अब भी इस्तीफे मांगेंगे। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मोदी का हमारे सांसद की तारीफ करना कोई बुरी बात नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के बीच सिद्धांतों को लेकर लड़ाई है। कोई व्यक्तिगत जंग नहीं लड़ी जा रही।
वहीं बात बढ़ी तो शशि थरूर को भी ट्वीट कर कहना पड़ा कि कांग्रेस अपनी मांग पर कायम है। ईमानदारी के मानकों का समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मोदी की तारीफ के अलग मायने नहीं निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि नेता पार्टी लाइन के इतर एक-दूसरे का सम्मान कर सकते हैं लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि उन्हें अपनी पार्टी के मूल्यों को छोड़ना पड़ेगा।