फिजी में विपक्ष ने किया मोदी के संबोधन का बहिष्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिजी में नई सरकार बनने के बाद नरेंद्र मोदी वहां की संसद को संबोधित करने वाले पहले विदेशी नेता बने। मगर इस दौरान सरकार की तरफ से धन्यवाद प्रस्ताव की अनुमति न दिए जाने से नाराज विपक्ष ने मोदी के संबोधन का बहिष्कार किया।
फिजी के प्रधानमंत्री बैनीमरामा ने विपक्ष के इस कदम पर माफी मांगते हुए इस व्यवहार की आलोचना की। वहीं विपक्ष का कहना है सरकार ने संसद की उस परंपरा को दरकिनार कर दिया, जिसके तहत प्रधानमंत्री स्वागत भाषण देता है और विपक्ष को धन्यवाद प्रस्ताव देने का अधिकार होता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिजी के साथ रिश्तों को और बेहतर बनाने की दिशा में आठ करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। अपने 10 दिनों के विदेश दौरे के आखिरी पड़ाव में फिजी पहुंचे मोदी ने दक्षिण प्रशांत के 14 द्वीपीय देशों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा देने की भी घोषणा की।
8 करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद का ऐलान
अपने एक दिवसीय दौरे पर मोदी ने फिजी के प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनीमरामा के साथ मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनो देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा पर सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
मोदी ने बैनीमरामा के साथ मुलाकात के बाद कहा कि फिजी के साथ रिश्तों की नई शुरुआत हुई है। फिजी प्रशांत द्वीप समूह के देशों के साथ भारत के रिश्तों को मजबूत बनाने में केंद्रीय भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को वह पुराने रिश्तों के नवीनीकरण और भविष्य की साझेदारी के लिए नींव तैयार करने के अवसर के रूप में देखते हैं।
इसके अलावा मोदी ने प्रशांत द्वीप समूह के देशों के लिए विकास के लिए दस लाख डॉलर का विशेष फंड बनाने और द्वीपीय देशों के बीच टेली मेडिसिन और टेली एजुकेशन प्रोजेक्ट के प्रस्ताव का भी ऐलान किया। दूसरे देशों की तरह फिजी में भी मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मोदी ने प्रशांत द्वीप समूह के 12 देशों के नेताओं से मुलाकात की।
बातचीत के दौरान प्रशांत द्वीप समूह के देशों को दी जाने वाली सालाना मदद को 1.25 लाख डॉलर से बढ़ाकर दो लाख डॉलर करने का फैसला किया गया। मोदी ने भारत और प्रशांत द्विपीय देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नई दिल्ली में ट्रेड ऑफिस खोलने में मदद देने का भी वादा किया।
मंगल मिशन में सहयोग के लिए धन्यवाद
पीएम मोदी ने भारत के मंगल मिशन में सहयोग देने के लिए फिजी सरकार को धन्यवाद दिया।
मोदी ने कहा कि वह मंगल मिशन की निगरानी के लिए फिजी की तरफ से भारतीय वैज्ञानिकों की मेजबानी करने के लिए पूरे भारतवासियों की तरफ से आभार प्रकट करते हैं। हमने मिलकर इतिहास को रचा है। मोदी ने कहा कि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रमों में फिजी क्षेत्रीय सहयोग का केंद्र बन सकता है।
गौरतलब है कि भारत के मंगल मिशन के दौरान फिजी में भारतीय वैज्ञानिकों की एक टीम गई थी, जहां से उसने मिशन की निगरानी और आंकड़ों को जमा करने का काम अंजाम दिया।