दक्षिणपंथी संगठन मोदी पर कर सकते हैं हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिणपंथी कट्टरवादी संगठनों के निशाने पर हैं। दिल्ली पुलिस के दस्तावेज के मुताबिक ये संगठन प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ साजिश रच सकते हैं।
ये संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र द्वारा मुस्लिमों को लुभाए जाने को लेकर नाराज है। गुजरात दंगों में कई दक्षिणपंथी नेताओं को दोषी बनाए जाने से भी ये संगठन गुस्से में है। आतंकी संगठनों की सूची में प्रधानमंत्री मोदी का नाम पहले भी रहा है।
हालांकि अब तक वह लश्कर-ए-तैयबा, इंडियन मुजाहिदीन और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे पाकिस्तान से संचालित होने वाले संगठनों, पूर्वोत्तर के संगठनों और नक्सलियों के निशाने पर रहे हैं। ऐसा पहली बार है कि प्रधानमंत्री मोदी को दक्षिणपंथी संगठनों के निशाने पर बताया गया है।
पहले से ही 40 संगठनों के निशाने पर प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को लेकर नए अंदेशे पिछले दिनों अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियो के दरम्यान समाने आए थे।
दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा व्यवस्था का दस्तावेज तैयार करते हुए उसमें दक्षिणपंथी संगठनों के खतरे को शामिल किया था, जो प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिहाज से नए किस्म की चेतावनी है।
इंडिया टुडे के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अपने दस्तावेज में कहा है कि चरम दक्षिणपंथी तत्व प्रधानमंत्री द्वारा मुस्लिमों को लुभाए जाने से नाराज हैं। दस्तावेज में कहा गया कि प्रधानमंत्री को पाकिस्तानी कश्मीरी संगठनों, इंडियन मुजाहिदीन, इस्लामिक चरमपंथी संगठनों और उनके सहयोगियों से खतरा है।
साथ ही चरम दक्षिणपंथी तत्व भी उनसे नाराज हैं। उस दस्तावेज के अनुसार प्रधानमंत्री पहले से ही 40 संगठनों के निशानें पर हैं।