मोदी पर शौरी के हमले से तिलमिलाई सरकार का पलटवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण शौरी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई तीखी टिप्पणी से तिलमिलाई मोदी सरकार ने सभी आरोपों को आधारहीन बताया है। केंद्रीय राज्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि एक बुद्धिजीवी, पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक के रूप में शौरी अहम मामलों पर अपनी राय रखते आए हैं।
लेकिन, इस समय उन्होंने ईर्ष्या के भाव में मोदी पर निशाना साधा है। सरकार की आर्थिक नीतियों को दिशाहीन करार देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी भी अपने कार्यों को बढ़ा-चढ़ा कर सामने नहीं रखा। बल्कि तमाम रेटिंग एजेंसियों ने कामकाज को सराहा है। रही बात सुर्खियां बटोरने की तो विश्व के तमाम बडे़ नेताओं ने मोदी के कार्यों की प्रशंसा कर हेडलाइन बनवाया।
वहीं, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि शौरी को सरकार में कुछ नहीं मिला, इसलिए उन्होंने आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब किसी को कोई पद या प्रतिष्ठा हासिल नहीं होती तो उस व्यक्ति को गैर मुद्दों को मुद्दा बनाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए।
कांग्रेस ने आरोपों को बताया बिल्कुल सही
उधर, कांग्रेस ने शौरी के आरोपों को सही ठहराया है। उसका कहना है कि शौरी भाजपा के पुराने नेता हैं। उनके आरोप लालकृष्ण आडवाणी के उन मतों को भी पुख्ता करते हैं, जिनमें उन्होंने पीएम मोदी को एक बेहतर इवेंट मैनेजर बताया था।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार तानाशाही रवैये से चल रही है। सरकार और भाजपा में सामूहिकता नहीं बल्कि व्यक्तिवादी राजनीति हावी है। वैसे एनडीए सरकार की कथित त्रिमूर्ति मोदी, जेटली और शाह पर शौरी के हमले को वित्त मंत्री के साथ उनकी पुरानी सियासी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।
बताया जाता है कि विशेष मुद्दों पर शौरी से अक्सर राय लेने वाले पीएम मोदी सरकार में उन्हें किसी अच्छे पद पर लेने वाले थे। किंतु जेटली के रोड़ा अटकाने से पीएम असमंजस में हैं। शौरी पर जवाबी हमले के मामले में भी यह बात स्पष्ट दिखी। आरोपों का जवाब देने सरकार और पार्टी के वरिष्ठ चेहरे सामने नहीं आए। बल्कि जेटली के करीबी माने जाने वाले नेताओं ने ही शौरी के खिलाफ मोर्चा खोला।