मासूम पिंकी को याद है पिछले जन्म की हर बात, सभी हुए दंग
हाईटेक युग में जहां दुनिया चांद तारों के बीच उपस्थिति दर्ज करा चुकी है, वहां शायद ऐसी बात पर लोग कम ही विश्वास करें कि एक आठ साल की मासूम बच्ची को अपने पिछले जन्म की बातें याद हैं। लेकिन अगर उन लोगों की मानें, जो मासूम से बात कर चुके हैं तो आश्चर्य होता है।
क्षेत्र के एक बल्लमपुर गांव में आठ वर्षीय बच्ची अपने पिछले जन्म की कहानी बता रही है। इसे सुनकर लोग हैरत में हैं। उसकी एक-एक जानकारी को लोग सही बता रहे हैं।
पंवासा क्षेत्र के दिलगौरा गांव निवासी सुल्तान सिंह के दूसरे नंबर की बेटी मुन्नी की शादी करीब नौ वर्ष पहले बहजोई क्षेत्र के सीकरी भगवंतपुर निवासी सुनील पुत्र हरप्रसाद के साथ हुई थी।
बीमारी से हुई थी मौत
शादी के बाद मुन्नी का गौना नहीं हुआ था और तीन माह बाद ही मुन्नी की बीमारी से मौत हो गई थी। पंवासा क्षेत्र के ही बल्लमपुर गांव निवासी धर्मपाल सिंह पुत्र बुन्नी सिंह के भी चार बच्चे हैं।
जिनमें उसकी आठ वर्षीय पुत्री पिंकी कुछ दिन पहले अपने पिछले जन्म के बारे बातें करने लगी और अपने गांव दिलगौरा, पिता सुल्तान, बाबा बृजलाल व दादी नेकसी देवी आदि के बारे में सबको बताने लगी।
अभी भी हैं कान में कुंडल के निशान
यह जानकारी मिलने पर दिलगौरा के सुल्तान सिंह, बृजलाल सिंह आदि लोग पिंकी के पास पहुंचे तो उसने सबको पहचान लिया। सुल्तान ने एक दिन पिंकी को अपने गांव बुलाया तो उसने अपनी मां, भाई, बहन, बाबा, दादी एवं अन्य गांव वालों को भी पहचान लिया।
यहां तक कि पिंकी ने अपना घर, कमरा, कपड़़े सभी के बारे में बताया। जिससे गांव वाले आश्चर्यचकित हो गए। सुल्तान ने बताया पिंकी की बताई एक-एक बात सत्य है।
उसके कान में कुंडल के निशान अब भी दिखाई देते हैं। पुनर्जन्म की यह कहानी पूरे क्षेत्र में कौतूहल का विषय बनी हुई है।