महंगाई की एक और मार, पेट्रोल की कीमतें फिर बढ़ी
हाल ही में सर्विस टैक्स बढ़ने के बाद देश की जनता अभी अपने बजट का हिसाब-किताब लगाने में जुटी ही थी कि सरकार ने उन्हें एक और झटके वाली खबर दे दी।
सरकार ने पेट्रोल के दामों में 64 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी कर दी है। हालांकि डीजल की कीमतों में कमी की गई है। डीजल पर 1 रुपया 35 पैसा प्रति लीटर घटाया गया है।
पेट्रोल और डीजल की बदली हुई कीमतें सोमवार आधी रात से लागू हो जाएंगी।
एक महीने के भीतर दूसरा झटका
इस वर्ष मई से अब तक पेट्रोल के मूल्यों में तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है। देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने कहा कि दिल्ली में पेट्रोल अब 66.93 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 50.93 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
इससे पहले 16 मई को तेल की कीमतों में बदलाव किया गया था। उस समय पेट्रोल के मूल्य में 3.13 रुपये और डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
गौरतलब है कि हाल ही में 1 जून को सर्विस टैक्स में बढ़ोत्तरी की गई थी, जिसके बाद होटल-रेस्टोरेंट में खाना, इलाज, सरकारी सुविधाएं समेत कई चीजें महंगी हो गईं थी।