जज के खिलाफ महाभियोग के लिए याचिका
राज्यसभा के 58 सदस्यों ने सभापति हामिद अंसारी के समक्ष गुजरात हाई कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए नोटिस दिया है।
सदस्यों ने सभापति से मांग की कि हार्दिक पटेल मामले में आरक्षण के खिलाफ कथित ‘असंवैधानिक’ टिप्पणियों के लिए न्यायाधीश जेबी पारदीवाला के खिलाफ महाभियोग चलाया जाए।
सांसदों ने आरोप लगाया कि हार्दिक पटेल के खिलाफ एक मामले में न्यायमूर्ति पारदीवाला ने फैसला देते हुए कहा- दो चीजों ने ‘देश को बर्बाद कर दिया है या उसे सही दिशा में आगे नहीं बढ़ने दिया- पहला आरक्षण और दूसरा भ्रष्टाचार।’
ये कहा था न्यायधीश ने
याचिका के अनुसार न्यायाधीश ने यह भी कहा, ‘जब हमारा संविधान बनाया गया था तब समझा गया था कि आरक्षण 10 साल के लिए रहेगा, लेकिन दुर्भाग्य से, यह स्वतंत्रता के 65 साल बाद भी जारी है।’’
सांसदों ने कहा कि यह तकलीफदेह है कि न्यायमूर्ति अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए नीति के संबंध में संवैधानिक प्रावधान से अनभिज्ञ हैं।