ट्विटर पर डाली फडणवीस की ऐसी तस्वीर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मानहानी करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ने टि्वटर पर देवेंद्र फडणवीस के परिवार की एक तस्वीर शेयर की थी।
आरोपी की पहचान अजय हाटेकर के रूप में की गई है। उन्हें ओशिवार पुलिस स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। ओशिवार पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर सुभाष खानविकर ने ये जानकारी दी। हाटेकर ने देवेंद्र फडणवीस के परिवार की जो तस्वीरें शेयर की हैं, उसमें वह छुट्टियां मनाते दिख रहे हैं। कांग्रेस ने हाटेकर की गिरफ्तारी पर महाराष्ट्र सरकार की कड़ी निंदा की है।
कांग्रेस प्रवक्ता अजॉय कुमार ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार सोशल मीडिया को कुचलने को प्रयास कर रही है।
हाटेकर से पुलिस कर सकती है पूछताछ
हाटेकर ने देवेंद्र फडणवीस के परिवार की ट्विटर पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री इस समय परिवार के साथ अमेरिका में छुट्टियां मना रहे हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि तस्वीर 2011-12 की है, जिसमें फडणवीस गोवा में परिवार के साथ छुट्टियां मनाते दिख रहे हैं।
पुलिस ने दावा किया कि हाटेकर ने तस्वीर को 2 जुलाई को 8.30 बजे शेयर की और इसे मुख्यमंत्री की हाल ही की अमेरिका यात्रा से जोड़ दिया। मामले में बीजेपी कार्याकर्ता संजय पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई और कहा कि ऐसी तस्वीरें शेयर कर मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
हाटेकर के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, और माना जा रहा है कि उनसे मामले में पूछताछ भी की जा सकती है।