पत्नी से शराब पीने को किया मना, पति ने खुद को लगाई आग
यूपी के सहारनपुर के नूरबस्ती इलाके में शराब पीने का विरोध करने पर पति ने केरोसिन छिड़ककर खुद को आग लगाकर जान दे दी। शराब पीने को लेकर बीवी से कहासुनी के बाद उसने यह कदम उठाया।
नगर कोतवाली के नूर बस्ती निवासी मोहम्मद फैय्याज का 28 वर्षीय पुत्र जाकिर ने सोमवार देर रात केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। इसके बाद पत्नी इशरत ने रात में ही गंभीर रूप से झुलसे हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के बाद मंगलवार को जाकिर की मौत हो गई। क्षेत्र के कुछ लोगों ने बताया कि जाकिर शराब पीने का आदी था। इसके चलते उसका बीवी इशरत के साथ अक्सर विवाद भी होता था।
परिजन नहीं करवाना चाहते पोस्टमार्टम
बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी इसी बात को लेकर बीवी से कहासुनी के बाद ही जाकिर ने खुद केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। मंगलवार शाम तक परिजन उसके शव का पोस्टमार्टम कराने को राजी नहीं थे।
क्षेत्र के निवासी मोहम्मद रफी, दिलशाद आदि ने बताया कि जाकिर की दो बेटियां हैं। उसकी मौत से इन बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
नगर कोतवाली प्रभारी बीपी जाखड़ ने बताया कि जाकिर की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत की सूचना मिल गई है। उन्होंने बताया कि शराब की लत के चक्कर में फंसकर ही उसने यह कदम उठाया है।