मोदी का खास सपना पूरा करने में सबसे आगे हैं बनारस वाले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैस सब्सिडी छोड़ने की अपील का उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रहने वाले लोगों पर खासा असर पड़ा है। इंडियन ऑयल कारपोरेशन के इलाहाबाद जोन के 12 जिलों की बात करें तो गैस सब्सिडी छोड़ने वालों में मोदी की काशी के लोग अव्वल रहे। पीएम की अपील पर यहां अब तक पांच हजार से ज्यादा लोग गैस सब्सिडी छोड़ चुके हैं।
बता दें कि टीवी चैनलों, अखबारों एवं सोशल मीडिया में लगातार पीएम मोदी द्वारा गैस सब्सिडी छोड़ने की अपील इन दिनों छाई हुई है। पीएम की ओर से कहा गया है कि अगर कोई उपभोक्ता आर्थिक रूप से संपन्न है और बिना सब्सिडी के भी एलपीजी (रसोई गैस) का खर्चा वहन कर सकता है तो वह स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ सकता है।
क्योंकि अगर संपन्न व्यक्ति सब्सिडी छोड़ेगा तो उसका लाभ बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) वाले लोगों को सीधे मिल जाएगा। पीएम मोदी की इस पहल का काशी की जनता पर कुछ ज्यादा ही पड़ा है।
दूसरे नंबर पर इलाहाबाद का नाम
इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) के इलाहाबाद परिक्षेत्र में आने वाले 12 जिलों चित्रकूट, इलाहाबाद, बांदा, कौशाम्बी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, संत रविदासनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़ और वाराणसी में वाराणसी ऐसा जिला रहा जहां सर्वाधिक 5025 लोग रसोई गैस की सब्सिडी स्वेच्छा से छोड़ चुके हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर इलाहाबाद का नाम है।
यहां यह संख्या 2124 तक पहुंच गई है। बाकी के अन्य दस जिलों में यह आंकड़ा अब तक 500 के आसपास भी नहीं पहुंच सका है। पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ में स्वेच्छा से गैस सब्सिडी छोड़ने वालों की संख्या 488 है। जबकि चित्रकूट इस परिक्षेत्र में फिसड्डी साबित हुआ है। यहां अब तक मात्र 23 लोगों ने ही गैस सब्सिडी छोड़ी है, जबकि कौशाम्बी में यह आंकड़ा 37 का है। ओवर ऑल इन सभी 12 जिलों में अब तक 8992 उपभोक्ता गैस सब्सिडी अपनी मर्जी से छोड़ चुके हैं।
कहां कितनों ने छोड़ी गैस सब्सिडी
आरबी सिंह, फील्ड अफसर, आईओसी इलाहाबाद परिक्षेत्र ने बताया कि ‘पीएम मोदी की अपील पर इलाहाबाद परिक्षेत्र में गैस सब्सिडी स्वेच्छा से छोड़ने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। परिक्षेत्र के 12 जिलों में वाराणसी जिला अव्वल है।’
कहां कितनों ने छोड़ी गैस सब्सिडी
जिला-------सब्सिडी छोड़ने वालों की संख्या
चित्रकूट-------23
इलाहाबाद-------2124
बांदा-------290
कौशाम्बी-------37
चंदौली-------40
गाजीपुर-------80
जौनपुर-------317
संत रविदास नगर-------102
मिर्जापुर-------203
सोनभद्र-------263
प्रतापगढ़-------488
वाराणसी-------5025
कुल योग-------8992