मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने में गई 4 लोगों की आंखों की रोशनी
महाराष्ट्र के वाशिम जिले में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के दौरान करीब 4 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई। इस ऑपरेशन की वजह से इस समय 19 लोगों की आंखों में भी परेशानी हो रही है। फिलहाल डॉक्टरों का दल इनका इलाज कर रहा है और पूरी कोशिश कर रहा है कि उनकी आंखें सही हो सकें।
वाशिम के जिन डॉक्टरों और सर्जन ने ये ऑपरेशन किए थे उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। जैसे ही स्वास्थ्य विभाग के लोगों को कैंप लगाकर किए जा रहे मोतियाबिंद के इलाज में लापरवाही के मामले का पता चला, उन्होंने तुरंत ही मरीजों को वाशिम अस्पताल और अकोला अस्पताल से मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया।
चंद दिनों बाद ही होने लगी परेशानी
लापरवाही का पता चलने पर राज्य स्वास्थ्य मंत्री दीपक सावंत ने वाशिम अस्पताल के सुरेखा मेंडे और डॉक्टर पीपी चौहान को बर्खास्त करने के आदेश दे दिए। यह कैंप वाशिम में 6 अक्टूबर और 29 अक्टूबर को लगाया गया था।
इलाज के बाद बहुत से लोगों को आंखों में जलन, पानी आना, खुजली होना, धुंधला दिखना और आंखें लाल होने की शिकायत हुई, तो वे लौटकर अस्पताल आए। वहां पर डॉक्टरों ने बिना किसी जांच के उन्हें अकोला अस्पताल रेफर कर दिया।