पढ़ें, सोनिया पर क्या बोले शरद पवार?
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने साफ किया है कि कांग्रेस से गठबंधन टूटने के बावजूद उन्हें सोनिया गांधी से कोई शिकायत नहीं है। उनका मानना है कि महाराष्ट्र में 15 साल पुराना गठबंधन टूटने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष जिम्मेदार नहीं हैं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, "जब मैंने महाराष्ट्र में संयुक्त रूप से लड़ने का प्रस्ताव सोनिया गांधी को दिया था, तो उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया था। इस संबंध में राज्य स्तर पर सीटों के बंटवारे को लेकर वार्ता करने का फैसला हुआ। मुझे सोनिया गांधी से कोई शिकायत नहीं है। वह गठबंधन को बनाए रखने के लिए सकारात्मक थीं। मैं इसके लिए राहुल गांधी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराऊंगा।"
गठबंधन टूटने पर एनसीपी प्रमुख की राय
अलग विदर्भ राज्य की मांग पर पवार ने कहा कि एनसीपी हमेशा ही महाराष्ट्र के बंटवारे के खिलाफ है। एनसीपी प्रमुख ने कहा, "राजनीतिक नेताओं को अलग राज्य की मांग नहीं करनी चाहिए। महाराष्ट्र के निर्माण में काफी खून बहा था। मुझे नहीं लगता कि विदर्भ के लोग अपने लिए अलग राज्य की मांग का समर्थन करेंगे। हालांकि अगर विदर्भ के लोग अलग राज्य के समर्थन में अपना फैसला सुनाते हैं, तो हम इसका सम्मान करेंगे।"
भाजपा अलग विदर्भ राज्य की मांग का समर्थन कर रही है जबकि शिवसेना इसके खिलाफ है।
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से रिश्तों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे से उनका तालमेल काफी अच्छा था, लेकिन मौजूदा पीढ़ी के साथ ऐसा नहीं है। शायद जनरेशन गैप की वजह से ऐसा है।