महाक्रांति रैली में आरक्षण के लिए लाखों ने भरी हुंकार
गुजरात के अहमदाबाद में मंगलवार को पाटीदार समाज की महारैली में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। गुजरात में पाटीदार समाज ओबीसी आरक्षण की मांग कर रहे हैं।
पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस महारैली में लाखों पाटीदार समाज के लोग इकट्ठे हुए हैं। यह समाज राज्य सरकार से 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहा है लेकिन गुजरात सरकार सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण पर फैसले का हवाला देते हुए इनको आरक्षण देने से मना कर चुकी है।
लोगों को संबोधित करते हुए हार्दिक पटेल ने कहा की अगर एक आतंकी के लिए सुप्रीम कोर्ट आधी रात को भी खुल सकता है तो देश के युवाओं के भविष्य के फैसले के लिए क्यों नहीं खुल सकता। उसको अपना फैसला बदलना ही पड़ेगा।
हक नहीं देंगे तो छीन लेंगे
हार्दिक ने कहा, 'अगर सरकार हमें आरक्षण नहीं देगी तो हम सरकार को ही
उखाड़ देंगे। हाईकोर्ट हो या सुप्रीम कोर्ट, राज्य सरकार हो या केंद्र,
बीजेपी की सरकार हो या कांग्रेस की हमें उससे कोई मतलब नहीं है। हमें केवल
हमारा हक चाहिए।'
हार्दिक ने दावा किया कि पूरे देश में करीब 27 करोड़ पटेल हैं और बिहार से लेकर आंध्र प्रदेश तक हमारे बिरादरी के लोग फैले हुए हैं। उन्होंने कुछ राजनेताओं के नाम भी लिए। हार्दिक ने कहा की गुजरात के छह हजार किसान खुदकुशी कर चुके हैं लेकिन अब और किसान नहीं मरेंगे। अगर अब एक भी किसान मरा तो पूरे देश के भुगतना पड़ेगा।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए हार्दिक ने कहा की जिस चमड़ी के वो हैं उसी चमड़ी के हम भी हैं। आरक्षण के मुद्दे पर अब निवाला अटक गया है और हम इसके लिए रावण की लंका जला देंगे।