पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन में फिर धमाके, कुछ मिनटों में हुए 4 ब्लास्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले में लगातार चौथे दिन ऑपरेशन जारी है। इस बीच एयरफोर्स स्टेशन के भीतर एक बार फिर धमाके हुए हैं। जानकारी के मुताबिक चंद मिनटों में ही यहां एक के बाद एक 4 धमाके हुए हैं।
इससे पहले सोमवार को सुरक्षा बलों ने छठे आतंकी को मार गिराया था। पांचवें आतंकी को रविवार रात में ही मार दिया गया था, जिसकी पुष्टि सोमवार को हुई।
आतंकी दो मंजिले भवन में छिपे हुए थे, जिसे विस्फोट कर उड़ा दिया गया। एयरबेस के अंदर अब भी ऑपरेशन जारी है और एनएसजी-सेना के जवान पूरे इलाके की छानबीन कर रहे हैं। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि एयरबेस के अंदर और आतंकी हैं या नहीं।
हालांकि, एयरबेस के नजदीक के मनवाल गांव में सोमवार तड़के दो संदिग्धों के दिखने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार को दिन भर सेना और पुलिस की तरफ से आसपास के गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ये तलाशी अभियान मंगलवार को भी जारी है।
पाकिस्तान को भेजे गए आतंकियों के सीमा पार से आने के सबूत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि चार आतंकियों के शव बरामद हो चुके हैं और बाकी के दो अन्य आतंकियों के शव बरामद कर लिए जाएंगे।
अधिकारियों ने एयरबेस में घुसने वाले आतंकियों की संख्या छह बताई थी। ऐसे में जेटली के बयान से साफ हो गया कि सभी आतंकी मारे जा चुके हैं लेकिन अभी सरकार या सेना की ओर से कोई यह नहीं बता रहा है कि एयरबेस के भीतर और आतंकी नहीं हैं।
सूत्रों ने बताया कि उच्च स्तरीय बैठक के बाद इस आतंकी वारदात में पाकिस्तानी तत्वों की संलिप्तता के बारे में पाक सरकार को सबूत सौंप दिए गए हैं। विदेश मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि इन सबूतों पर पाक की कार्रवाई से दोनों देशों के विदेश सचिवों के बीच होने वाली वार्ता का भविष्य तय होगा।
पाक ने सबूत मिलने की पुष्टि की है और कहा है कि वह उनका अध्ययन कर रहा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि वह इस मसले पर भारत सरकार के संपर्क में है और आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में फैसला
वैसे पाकिस्तान को सौंपे गए सबूतों के बारे में कोई खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अजित डोभाल ने पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के आकाओं के नंबर और अन्य चीजें भेजी हैं।
उधर, एनएसजी के आईजी मेजर दुष्यंत सिंह ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे पांचवें आतंकवादी का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि सुरक्षा बल आतंकियों को खत्म करने के बेहद करीब हैं।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन जारी है। सघन तलाशी अभियान चल रहा है। जब तक एयरबेस को पूरी तरह सुरक्षित नहीं मान लिया जाता तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि एयरबेस की सभी संपत्तियां, एयरफोर्स कर्मी और उनके परिवार पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि एयरबेस का दायरा काफी बड़ा है और इस काम में समय लगेगा।