पठानकोट: नवाज ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पठानकोट हमले के बाद चौतरफा दबावों से घिरा पाकिस्तान अब मामले में कुछ गंभीर कदम उठाता दिख रहा है। पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मामले में जांच के लिए उच्च स्तरीय संयुक्त जांच दल बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। समिति पठानकोट एयरबेस पर हमला करने वालों के पाकिस्तान से संबंधों की जांच करेगी।
नवाज शरीफ ने जेआईटी (संयुक्त जांच टीम) बनाने के आदेश उस समय जारी किए जब भारत ने उसे इस संबंध में पुख्ता सबूत मुहैया करा दिए हैं। वहीं 15 जनवरी को इस्लामाबाद में प्रस्तावित भारत पाक के विदेश सचिव की बातचीत के दौरान भी इस मुद्दे पर चर्चा होगी।
माना जा रहा है कि पाक प्रधानमंत्री अगर यह कदम नहीं उठाते तो भारत पाक के बीच प्रस्तावित यह वार्ता खटाई में पड़ सकती थी। इस संबंध में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी संकेत दे चुके थे। एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार इस जेआईटी में पाक खूफिया ब्यूरो के अलावा आईएसआई और मिलट्री इंटलीजेंस के सदस्य शामिल रहेंगे।
आतंरिक मामलों के मंत्री चौधरी निसार अली खान, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नसीर खान जंजुआ और प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज, प्रधानमंत्री के सहायक तारिक फातमी और वित्त मंत्री इशाक डार इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में शामिल रहे।
मामले पर जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपेगी टीम
अखबार के अनुसार प्रधानमंत्री आवास के सूत्र द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शरीफ ने पठानकोट की घटना पर सक्रिय जांच की बात कही है। उन्होंने इस संबंध में सेना प्रमुख जनरल राहिल शरीफ से बातचीत कर जेआईटी के गठन की जानकारी दे दी है।
सूत्र के अनुसार प्रधानमंत्री शरीफ का यह कदम दोनों पडोसी देशों के बीच अरसे से ठंडे पड़े संबंधों में सुधार के लिए बड़ा कदम हो सकता है। बता दें कि बीते 2 जनवरी को भारी हथियारों के साथ पाक परस्त जैश ए मोहम्मद के आतंकियों ने पठानकोट एयरबेस स्टेशन पर हमला कर दिया था। जिसमें भारतीय सेना के छह जवान शहीद हो गए थे।
भारतीय खूफिया सूत्रों के अनुसार हमलावरों का वह समूह पाकिस्तान से ही आया था, जिसके संबंध में भारत की ओर से पुख्ता सबूत पाकिस्तान को मुहैया करा दिए गए हैं। जिनमें आतंकवादियों द्वारा पाक में बैठे अपने आकाओं से फोन पर की गई बातचीत के नमूने, मोबाइल नंबर आदि शामिल हैं।