मेरठ से जुडे़ पठानकोट हमले के तार, मिले सबूत
पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के तार मेरठ से जुड़ गए हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को एनआईए की टीम एक आतंकी को साथ लेकर मेरठ पहुंची।
यहां पुलिस फोर्स को लेकर शहर में दो जगहों पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, एनआईए की टीम जिस आतंकी को लेकर आई थी, वह यहां एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर चुका है।
एनआईए के एक अफसर सोमवार दोपहर दो बजे अपनी टीम के साथ परतापुर थाने पहुंचे। उनके साथ एक आतंकी भी था। बताया गया कि उसे ओडिशा से गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए के डीआईजी प्रशांत कुमार ने डीआईजी रेंज आशुतोष कुमार से फोन पर बातचीत की और उन्हें मेरठ में छापेमारी करने की जानकारी दी।
छह महीने की गार्ड की नौकरी
इस पर उन्होंने एसपी ट्रैफिक पीके तिवारी को एनआईए की टीम को फोर्स उपलब्ध कराने के आदेश दिये। इसके बाद एनआईए की टीम दिल्ली रोड से होते कैंट क्षेत्र, ब्रह्मपुरी और लिसाड़ीगेट में पहुंची।
एनआईए टीम ने करीब तीन घंटे में कई जगहों पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, एनआईए टीम के साथ आए आतंकी ने बताया कि उसने एक फैक्ट्री में करीब छह महीने सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी की थी।
पुलिस ने बताया कि यह आतंकी ओडिशा में हुई एक वारदात में गिरफ्तार किया गया था। टीम को जानकारी मिली है कि इस आतंकी के पठानकोट एयरबेस पर हमला करने वाले आतंकियों से भी संपर्क थे।
डीआईजी आशुतोष कुमार ने बताया कि एनआईए की टीम एक आतंकी को लेकर मेरठ में आई थी। आतंकी ने मेरठ में एक फैक्ट्री में काम करना बताया है। जांच-पड़ताल के बाद टीम लौट गई।