सैलजा के बयान पर राज्यसभा में जारी है हंगामा
कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बयान को लेकर गुरुवार को राज्यसभा में गतिरोध की स्थिति बनी रही। इस मुद्दे पर सदन में जमकर हंगामा हुआ जिसके बाद सदन की कार्यवाही को कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ी। कांग्रेस के विरोध के बाद आखिरकार गोयल को अपने बयान पर खेद व्यक्त करना पड़ा तब जाकर गतिरोध की स्थिति समाप्त हुई।
गौरतलब है कि सैलजा ने हाल ही में सदन में यह बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया था कि द्वारिका के मंदिर में उनसे उनकी जाति पूछी गई थी। उनके इस बयान के बाद सदन मे जोरदार हंगामा हुआ था और विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की थी। इसके बाद ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने सैलजा पर यह कहते हुए हमला किया था कि यह 'विनिर्मित समस्या और भेदभाव की एक नई घटना है।'
हालांकि, राज्यसभा में बढ़ते हंगामें और विपक्ष के अड़ियल रवैये की वजह से पीयूष गोयल ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया जिसके बाद दोनों पार्टियों के बीच जारी गतिरोध समाप्त हो गया।
गोयल ने जताया खेद
गुरुवार को करीब 11 बजे जब राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो एक बार फिर से सैलजा का मुद्दा गरमा गया। इस मुद्दे को लेकर ऊपरी सदन में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे के मद्देनजर पहले तो उप सभापति ने सभी सदस्यों को शांति बनाए रखने की अपील की लेकिन जब सदस्यों ने उनकी बाद अनसुनी कर हंगामा जारी रखा तो उन्होंने सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
वहीं, वित्त मंत्री अरूण जेटली ने भी एक दिन पहले सैलजा के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि मंदिर में उनके साथ ऐसा कोई सवाल नहीं किया गया था। इतना ही नहीं सैलजा ने मंदिर के विजिटर डायरी में मंदिर की तारीफ ही की है। अगर ऐसा कुछ था तो फिर उन्होंने डायरी में ऐसी तारीफ क्यों की।