पेरिस हमले के मास्टरमाइंड की करतूत से परिवार शर्मसार
पेरिस हमले के मास्टरमाइंड अब्देल हामिद आबाउद के कृत्य पर उसका परिवार भी शर्मसार है।
उसके पिता उमर आबाउद ने कहा कि जब पहली बार पेरिस हमलों में उनके बेटे का नाम सामने आया तो वह बेहद डर गए थे। उन्होंने कहा कि अब्देल की करतूत ने हमें शर्मसार कर दिया है। हमारी जिंदगी बर्बाद हो गई है।
मूल रूप से मोरक्को के उमर 40 साल पहले एक खान में काम करने के लिए बेल्जियम आए थे। फिर यहीं रुक गए। फिलहाल वह बेल्जियम में एक दुकान चलाते हैं।
'बेटे की हरकत ने बर्बाद कर दी जिंदगी'
उमर आबाउद ने बताया कि उन्होंने अब्देल हामिद के लिए भी एक दुकान खरीद ली थी। परिवार में खुशियां थीं। जिंदगी अच्छी चल रही थी। अब्देल भी अच्छा कारोबारी था। लेकिन 2013 में अचानक तब सब कुछ अचानक बदल गया, जब अब्देल सीरिया चला गया।
मालूम हो कि इससे पहले परिवार ने दावा किया था कि अब्देल मर चुका है। लेकिन अब पुलिस मान रही है कि परिवार को गलत सूचना दी गई थी। सीरिया में अब्देल को अबू उमर साउसी या अबू उमर अल बल्जीकी के नाम से जाना जाता है।
उसे कई बार आईएस का प्रचार करती तस्वीरों में हथियारों के साथ देखा गया है। उसे एक वीडियो में अपनी गाड़ी में लाशें ढोते भी दिखाया गया था। इस बीच अब्देल के भाई सालेह अब्देल सलाम ने उससे पुलिस के सामने सरेंडर करने की गुजारिश की है।