आतंकी घटना पर देंगे म्यांमार जैसा जवाब: परिकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कहा कि हमारी नीति स्पष्ट है। देश की सुरक्षा के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। यदि अब कोई भी आतंकी घटना होती है तो हम उसका जवाब म्यांमार जैसा देंगे। हम लड़ना नहीं चाहते। मजबूरी हुई तो पीछे भी नहीं हैं लेकिन नजरिया इस बार अलग ही होगा। अब हम हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
रक्षा मंत्री रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैन्य क्षेत्र में आयोजित योग शिविर में भाग लेने आए थे। इसके बाद सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आवास पर आयोजित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हम देश की सुरक्षा के लिए लगातार पुख्ता कदम उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक हम दूसरे के लिए लड़े और उसी को राज्य सौंप आए। हमें दूसरों पर राज करने की इच्छा नहीं है लेकिन अब हम उस इतिहास को दोहराने के मूड में भी नहीं हैं। इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश का उदाहरण दिया।
सुनाई साधु और सांप की कहानी
पाकिस्तान का नाम लिए बगैर मनोहर परिकर ने साधू और सांप की कहानी सुनाते हुए कहा कि हमने डसना भले ही छोड़ दिया हो लेकिन फुफकारना नहीं छोड़ा है। क्योंकि फुफकारना छोड़ दिया तो बालक भी हमसे खेलने लगेंगे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि म्यांमार की कार्रवाई से सेना का मनोबल ऊंचा हुआ है। वहीं, जनता का विश्वास भी सरकार में बढ़ा है। इस दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने भी विचार रखे।
‘कैंट बोर्ड एक्ट में होगा संशोधन’
रक्षा मंत्री ने कहा कि कैंट बोर्ड एक्ट 2006 में बना था। इसमें बहुत विसंगति हैं, जिसके तहत पूरी पावर सीईओ के पास है। यह सही है कि निर्वाचित बोर्ड को कोई अधिकार नहीं है, लेकिन इस मामले में हम किसी एक छावनी को लेकर नियमों में बदलाव नहीं कर सकते।
ऐसे में इसी साल बड़े बदलाव पर विचार हो रहा है ताकि सैन्य क्षेत्र में रहने वाले सिविलियन और सेना के बीच विवाद कम हों और जनता को राहत मिल सके। लेकिन, सुरक्षा मामलों पर भी गंभीरता से ध्यान होगा।