लंदन से बोली पंकजा मुंडे, 'कहां है घोटाले के सुबूत?'
टेंडर आमंत्रित किए बिना 206 करोड़ रुपये के खरीद संबंधी आदेश से जुड़े घोटाले के आरोपों पर महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे ने शनिवार को सफाई दी।
पंकजा का कहना है कि उन्होंने महिला एवं बाल विभाग में पकड़ बना चुकी ठेकेदार लॉबी को तोड़ने का प्रयास किया है जिसके कारण उन पर यह आरोप लगाए जा रहे हैं।
पंकजा मुंडे ने कहा कि जो उन पर आरोप लगा रहे हैं वह ठोस सुबूत लेकर आएं। उन्होंने कहा कि कहां हैं सुबूत? और दावा किया कि विभाग ने किसी भी प्रक्रिया की अनदेखी नहीं की है।
विभाग में बहुत बड़ी है ठेकेदारों की लॉबी
पंकजा ने दावा किया कि विभाग में बहुत बड़ी ठेकेदारों की लॉबी है। मैं सोचती हूं कि वे सालों से विभाग को चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कहीं न कहीं इसे तोड़ा है। मैं इस पर सख्त निरीक्षण कर रही हूं और इसी लिए यह सब हो रहा है। मैं इस बारे में बिल्कुल स्पष्ट हूं।
मुंडे ने लंदन में टीवी चैनल से बातचीत करते हुए कहा कि वे कह रहे हैं कि सभी 206 करोड़ रुपये घोटाले में चले गए। मैं यहां घोटाले के लिए नहीं हूं, मैं यहां बच्चों की मदद करने के लिए हूं। उन्होंने कहा कि वह विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का सम्मान करती हैं और उन्हें पहले ही लिखित जवाब दिया जा चुका है।