फिर विवादों में फंसी पंकजा, कर्मचारी से उठवाई चप्पल
महाराष्ट्र की ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे एक बार फिर से विवादों में फंस गयी हैं। पंकजा पर अपने एक कर्मचारी से चप्पल उठवाने का आरोप लगा है।
पंकजा हाल ही में प्रदेश के सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे पर गयी थीं, उसी दौरान यह घटना हुई। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मौके पर पंकजा पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह उनकी मनोवृत्ति को दर्शाता है।
पंकजा गरीब व्यक्ति को लेकर क्या सोचती है यह उनके इस कृत से पता चलता है। पंकजा ने हालांकि अपना बचाव करते हुए कहा कि, उनकी चप्पल उठाने वाला व्यक्ति कोई सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उनका निजी कर्मचारी था।
इससे पूर्व भी पंकजा पर गलत तरीके से एक दिन में करोड़ों के ठेके देने का आरोप लगा था।
पंकजा ने कहा उन्हें पता भी नहीं था
हुआ यूं कि प्रदेश के परभानी जिले के सोनपेठ के दौरे पर पंकजा ने आगे फिसलन भरी सड़क देखकर अपनी चप्पल उतार दी थी।वह नंगे पांव आगे बढ़ गयीं, जबकि पीछे किसी व्यक्ति ने उनकी चप्पल उठा रखी थी।
इस पूरे घटनाक्रम को एक समाचार चैनल ने प्रसारित किया। पंकजा ने कहा, ‘मीडिया ने देखा कि मैंने चप्पल उतारी, और किसी ने उन्हें उठाया। लेकिन मीडिया को यह नहीं दिखा कि नंगे पांव चलने में मुझे कितनी तकलीफ हुई?’
उन्होंने कहा, ‘फिसलन भरी सड़क देखकर मैंने सामान्य रूप से अपनी चप्पल उतार दी और आगे बढ़ गयी। मुझे तो पता भी नहीं था कि किसी ने मेरे चप्पल उठाए हैं। मुझे बाद में यह पता चला।’